

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक है। नौकरी, पढ़ाई या अन्य कारणों से दूर रहने वाले भाइयों तक समय पर राखी पहुंचाना बहनों के लिए एक बड़ी चुनौती होती है। बहनों की इसी सुविधा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए भारतीय डाक विभाग ने इस बार खास और किफायती इंतजाम किए हैं।
देशभर के डाकघरों में रक्षाबंधन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं, जिससे राखी का पार्सल न केवल सुरक्षित पहुंचेगा बल्कि भेजना भी जेब पर भारी नहीं पड़ेगा।
मानसून के मौसम को देखते हुए राखी के भीगने या खराब होने का डर बना रहता है। इसके समाधान के लिए डाक विभाग ने विशेष लेमिनेशन वाले वाटरप्रूफ लिफाफे और उपहार बाक्स तैयार किए हैं।
सावन और रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने आध्यात्मिक सुविधा भी उपलब्ध कराई है। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए चुनिंदा मुख्य डाकघरों में गंगोत्री का पवित्र गंगाजल मात्र 30 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है।
ग्रामीण और शहरी डाकघरों में व्यवस्था, समय से बुकिंग की अपील
डाक विभाग ने ग्वालियर शहर के मुख्य डाकघर (महाराज बाड़ा, सिटी सेंटर) के साथ-साथ जिले के ग्रामीण इलाकों और शाखा डाकघरों में भी ये सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। डाक अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि त्योहार के ऐन मौके पर होने वाली भीड़-भाड़ और देरी से बचने के लिए अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते अपनी राखी बुक कराएं, ताकि भाई की कलाई पर समय पर रक्षासूत्र सज सके।
यह भी पढ़ें- भाई-बहन के रिश्ते तक ही सीमित नहीं है रक्षाबंधन, देवताओं से भी जुड़ा…क्या है इसका अनसुना इतिहास