
लाइफस्टाइल डेस्क। खराब भोजन से बचें, हमेशा ताजा व पौष्टिक आहार लें - यही है मजबूत इम्यूनिटी की कुंजी है। बदलते मौसम में सर्दी-खांसी, वायरल फीवर, पेट खराब और थकान की शिकायतें बढ़ जाती हैं।
इन सबकी जड़ अक्सर हमारी थाली में होती है। बासी, बार-बार गर्म किया हुआ और बाहर का तला-भुना भोजन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को धीरे-धीरे कमजोर कर देता है, जबकि ताजा व पौष्टिक आहार उसे मजबूत बनाता है।
बासी भोजन में पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं और बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। चावल, आलू, पालक और दाल को बार-बार गर्म करने पर फूड पाइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है।
बार-बार गर्म किया गया तेल भी टाक्सिक हो जाता है, जो हृदय रोग का खतरा बढ़ा सकता है। आयुर्वेद में भी ताजा पके भोजन को ही उत्तम माना गया है।
इम्यूनिटी कोई एक गोली से नहीं बनती। यह रोज के भोजन से बनती है। विटामिन-सी सफेद रक्त कोशिकाओं को संक्रमण से लड़ने में मदद करता है। प्रोटीन एंटीबाडी बनाने में काम आता है।
जिंक, विटामिन-डी और विटामिन-ई भी इम्यून सिस्टम को सक्रिय रखते हैं। ताजा भोजन में एंटीआक्सीडेंट, फाइबर और प्रोबायोटिक्स बने रहते हैं और अच्छी आंत ही अच्छी इम्यूनिटी की पहचान है।
एमडी मेडिसिन डाॅ. अंकित अनूप मरावी ने बताया कि हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज व अन्य शरीर में सूजन कम करते हैं। अत: ताजा घर का खाना खाने वालों में मोटापा, डायबिटीज और डिप्रेशन का खतरा 30 प्रतिशत तक कम होता है।