
दीप्ति मुले, नईदुनिया जबलपुर। गर्मी का मौसम आते ही फैशन ट्रेंड भी बदलने लगे हैं। तेज धूप और बढ़ते तापमान से बचाव के साथ अब लोग अपने लुक को स्टाइलिश बनाने पर भी खास ध्यान दे रहे हैं। शहर के बाजार में इन दिनों स्टाइलिश गॉगल्स की मांग तेजी से बढ़ गई है।
इस समर सीजन में खासतौर पर ओवल शेप गॉगल्स युवाओं की पहली पसंद बनकर उभरे हैं। बाजार में अलग-अलग रंग, डिजाइन और फ्रेम के आकर्षक गॉगल्स उपलब्ध हैं, जिन्हें खरीदने के लिए युवाओं के साथ महिलाएं भी पहुंच रही हैं।
पहले जहां गॉगल्स केवल धूप से आंखों को बचाने के लिए इस्तेमाल किए जाते थे, वहीं अब यह फैशन एक्सेसरी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। कालेज स्टूडेंट्स से लेकर आफिस जाने वाले युवा तक अपने आउटफिट के अनुसार गॉगल्स का चयन कर रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार इस बारओवल गॉगल्स की डिमांड सबसे ज्यादा है। इनका सिंपल लेकिन क्लासी लुक युवाओं को आकर्षित कर रहा है। इसके अलावा राउंड, कैट-आई, स्क्वायर और ट्रांसपेरेंट फ्रेम वाले गॉगल्स भी बाजार में उपलब्ध हैं। स्टाइलिश गॉगल्स अब केवल धूप से बचने का साधन नहीं, बल्कि समर फैशन का जरूरी हिस्सा बन चुके हैं।
समर सीजन में गल्र्स के बीच हल्के रंगों और स्टाइलिश फ्रेम वाले गॉगल्स की मांग बढ़ी है। पिंक, स्काई ब्लू, ब्राउन और ब्लैक शेड्स वाले ओवल गॉगल्स काफी पसंद किए जा रहे हैं। कई युवतियां अपने ड्रेस और बैग्स से मैचिंग गॉगल्स खरीद रही हैं। इस बार मिनिमल डिजाइन और हल्के वजन वाले गॉगल्स ट्रेंड में हैं। लोग अब ऐसे गॉगल्स पसंद कर रहे हैं जो स्टाइलिश होने के साथ लंबे समय तक आरामदायक भी हों।
दुकानदार देवेश ने बताया कि बढ़ती गर्मी और तेज धूप को देखते हुए लोग अब यूवी प्रोटेक्शन वाले गॉगल्स भी खरीद रहे हैं। आप्टिकल स्टोर्स पर ऐसे गॉगल्स की डिमांड बढ़ी है जो आंखों को हानिकारक किरणों से बचा सकें। ग्राहक अब केवल डिजाइन ही नहीं, बल्कि क्वालिटी और आंखों की सुरक्षा पर भी ध्यान दे रहे हैं।
खासकर बाइक चलाने वाले युवा और लंबे समय तक बाहर रहने वाले लोग बेहतर लेंस वाले गॉगल्स खरीद रहे हैं। गॉगल्स की कीमत हर वर्ग के बजट के अनुसार उपलब्ध है। आफर और डिस्काउंट भी दिए जा रहे हैं, जिससे खरीदारी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- शादियों और पार्टियों में खड़े होकर नहीं करें भोजन, इससे बढ़ सकता है मोटापा