
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ऑफिस जाने से पहले आपका चेहरा एकदम ताजगी से भरा होता है, लेकिन जैसे ही बाहर धूप में जाते हैं, चेहरे की रंगत चली जाती है। धूप और पसीना चेहरे को बेनूर कर देता है, लेकिन घबराइए मत। कुछ छोटी-छोटी बातों अपनाकर आप अपने मेकअप को घंटों सुरक्षित रख सकती हैं। मेकअप करने से पहले त्वचा को ठंडा करना जरूरी है।
इसके लिए सबसे पहले चेहरे पर बर्फ की मसाज करें ताकि मेकअप के लिए एक सुरक्षा कवच बन जाए। गर्मी में आइली त्वचा वालों को ज्यादा परेशानी होती है, क्योंकि पसीने की वजह से चेहरे से तेल निकलता रहता है। ऐसे लोगों को मेकअप करने से पहले चेहरे को क्लींजर या टोनर से अच्छी तरह साफ कर लेना चाहिए।
इसके अलावा इस मौसम में जो भी मेकअप करें, वह जेल-बेरड हो तो चेहरे में अच्छी तरह मिल जाता है। हमेशा कोशिश करें कि त्वचा के रंग से मेल खाता हुआ फाउंडेशन लगाएं ताकि मेकअप एक समान लगे। ध्यान रखें कि काजल, मस्कारा या आइलाइनर वाटरफ्रूफ और स्मज-प्रूफ हो।
मेकअप लगाने से पहले चेहरे को फेसवाश से साफ करके आइल-फ्री माइश्चराइजर लगाएं ताकि त्वचा हाइड्रेटेड रहे। इसके बाद आइल-फ्री प्राइमर लगाएं। मेकअप बनाए रखने के लिए सही प्राइमर का चुनाव बहुत जरूरी है।
मेकअप को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए हल्का और मैट फिनिश वाला लिक्विड फाउंडेशन इस्तेमाल करें। भारी और क्रीमी फाउंडेशन गर्मी में जल्दी पिघल जाते हैं और चेहरे पर चिपचिपापन बढ़ा देते हैं। इसलिए आईल-फ्री और मैट फिनिश फाउंडेशन बेहतर होता है। साथ ही फाउंडेशन लगाने का तरीका भी सही होना चाहिए। एक बार में मोटी परत लगाने के बजाय हल्का हल्का डैब करके लगाने से यह ज्यादा देर तक टिका रहता है।
गर्मियों में गाढ़े रंग की जेल वाली लिपस्टिक जल्दी उतर जाती है। आप जितनी बार चेहरा साफ करती हैं, लिपस्टिक का रंग फीका पड़ता जाता है। इसलिए मैट फिनिश लिपस्टिक लगाएं, यह ज्यादा देर तक टिकी रहती है।
सेटिंग स्प्रे मेकअप के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। यह त्वचा पर एक हल्की प्रोटेक्टिव लेयर बनाता है, जो पसीने, गर्मी और धूल के असर को कम करता है। इसे चेहरे से थोड़ी दूरी पर हल्के-हल्के स्प्रे करें।
यह होगा बेहतर विकल्प
गर्मी और अधिक पसीने से काजल और आई लाइनर जल्दी फैल या पिघल सकते हैं, इसलिए हमेशा वाटरफ्रूफ उत्पादों का उपयोग करें। यदि त्वचा आइली है, तो पाउडर आधारित आई मेकअप बेहतर विकल्प साबित होते हैं। मेकअप को लंबे समय तक लाक रखने के लिए अंत में सेटिंग स्प्रे और ट्रांसलूसेंट पाउडर का इस्तेमाल जरूर करें। ये उत्पाद पसीना सोखने में मदद करते हैं। - मधु वडेरा, उपाध्यक्ष, इंदौर ब्यूटीशियन एसोसिएशन
मेकअप करने से पहले एक बर्तन में पानी और बर्फ को मिलाकर उसमें चेहरा तीन-चार बार डुबोएं, इससे चेहरे का तापमान कम हो जाएगा और पोर्स टाइट हो जाएंगे। पोर्स टाइट होने का लाभ यह होगा कि आपको पसीना जल्दी व ज्यादा नहीं आएगा और मेकअप लंबे समय तक बना रहेगा। मेकअप फिक्सर का उपयोग कर सकते हैं, जिससे मेकअप लंबे समय तक रहेगा। - मीनाक्षी पुराणिक, अध्यक्ष, इंदौर ब्यूटीशियन एसोसिएशन