डिजिटल डेस्क। बरसात का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं सेहत के लिए कई तरह की चुनौतियां भी लेकर आता है। इस मौसम में नमी और गंदगी के कारण बैक्टीरिया और वायरस तेजी से फैलते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग, डायरिया और पेट से जुड़ी बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है।
ऐसे में खानपान पर खास ध्यान देना जरूरी है। खासतौर पर कुछ सब्जियां ऐसी होती हैं जिन्हें बरसात में खाने से बचना चाहिए, क्योंकि ये जल्दी खराब हो जाती हैं और सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं। आइए जानते हैं, बारिश में किन सब्जियों को खाने से परहेज करना चाहिए।
बरसात में पालक, मेथी, सरसों और अन्य पत्तेदार सब्जियां मिट्टी और पानी में मौजूद कीटाणुओं को जल्दी सोख लेती हैं। इस वजह से इनमें इंफेक्शन का खतरा ज्यादा रहता है। बरसात में इनका सेवन करने से पेट दर्द, दस्त और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
फूलगोभी और पत्ता गोभी में बरसात के मौसम में कीड़े जल्दी लग जाते हैं। इनमें छोटे-छोटे कीड़े और गंदगी छुपी रह जाती है, जिसे अच्छे से साफ करना मुश्किल होता है। अगर ठीक से धोकर न पकाई जाए तो ये पेट में इंफेक्शन का कारण बन सकती हैं।
बरसात के मौसम में बैंगन जल्दी खराब होते हैं और इनमें कीड़े लगने का खतरा बढ़ जाता है। कई बार बैंगन में मौजूद नमी हानिकारक बैक्टीरिया को जन्म देती है, जिससे फूड पॉइजनिंग और पेट की गड़बड़ियां हो सकती हैं।
ककड़ी और खीरे में पानी की मात्रा अधिक होती है। बरसात में इन्हें खाने से दस्त और पेट से जुड़ी दिक्कतें बढ़ सकती हैं, क्योंकि यह मौसम इन सब्जियों को ज्यादा समय तक फ्रेश नहीं रहने देता।
यह भी पढ़ें- मखाने के सेवन से शरीर को मिलेंगे 5 जबरदस्त फायदे, बस जान लें खाने का सही तरीका
बरसात में मशरूम प्राकृतिक रूप से उगते हैं, लेकिन इनमें जहरीले फंगस लगने का खतरा भी रहता है। गलत तरीके से चुने गए मशरूम से फूड पॉइजनिंग जैसी गंभीर समस्या हो सकती है। इसलिए इस मौसम में मशरूम खाने से बचना बेहतर है।