
नईदुनिया प्रतिनिधि, आलीराजपुर। पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह के मार्गदर्शन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी अश्विनी कुमार के प्रभावी निर्देशन में थाना बखतगढ़ पुलिस ने ग्राम कोसारिया में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले को सुलझाते हुए घटना कारित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
10 मई को सूचनाकर्ता धोलिया पिता वरजु सोलंकी ने सूचना दी थी कि उसका भतीजा उदेसिंह उर्फ उदिया (उम्र 35 वर्ष) अपने घर में मृत अवस्था में खाट पर पड़ा है, जिसके गले पर लाल रंग के चोट के निशान हैं। सूचना पर तत्काल मर्ग क्रमांक 19/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत कायम कर जांच में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिसोदिया एवं चौकी प्रभारी छकतला उनि राहुल चौहान द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया। शव परीक्षण रिपोर्ट में डॉक्टरों की टीम ने मृत्यु का कारण (गला घोंटने के कारण दम घुटना) बताते हुए इसे प्रकृति में "होमिसाइडल" (हत्यात्मक) श्रेणी का पाया।
मर्ग जांच और साक्षियों के बारीकी से लिए गए कथनों के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि मृतक की पत्नी वडदी का ग्राम कोसारिया के ही अजन रावत के साथ पिछले दो वर्षों से अवैध संबंध था। आरोपी अजन रावत, जो बड़वे का काम करता था, बीमारी ठीक करने के बहाने मृतक के घर आता-जाता था।
साक्ष्यों के अनुसार, घटना की रात आरोपी अजन और उसका भतीजा राहुल मृतक के घर के आसपास देखे गए थे। योजनाबद्ध तरीके से पत्नी वडदी ने अपने प्रेमी अजन और उसके सहयोगी राहुल के साथ मिलकर सो रहे उदेसिंह की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और इसे सामान्य मृत्यु का रूप देने का प्रयास किया।
सम्पूर्ण जांच के पश्चात थाना बखतगढ़ में अपराध क्रमांक 70/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए 13 मई को अजन पिता रणसिंह रावत (प्रेमी/मुख्य आरोपी) राहुल पिता नट्टा रावत (सहयोगी) एवं वडदी पति उदेसिंह सोलंकी (मृतक की पत्नी) को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया।जहा से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।