
नईदुनिया प्रतिनिधि, अनूपपुर। जिला मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत बरबसपुर के भोलगढ़ गांव के जंगल में रविवार की दोपहर जंगल में स्थित चटुआ के खेत से भोलगढ़ गांव जंगल के रास्ते से एक परिवार जा रहा था, इनका सामना एक हाथी से हो गया। हाथी ने दौड़ाकर एक महिला को पहले पकड़ा और पैर से कुचल दिया जिससे महिला की स्थल पर मौत हो गई। हाथी द्वारा महिला के पति एवं बेटे को भी घायल किया है जो घटना में सुरक्षित बच गए, दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हाथी इसी जंगल में घूम रहा है।
इस घटना के बारे में मिली जानकारी अनुसार रविवार की दोपहर ग्राम पंचायत बरबसपुर के गांव भोलगढ़ निवासी समयलाल पाव जिसका खेत चटुआ गांव के पास जंगल में है। छह सदस्यों वाला यह परिवार दिन में खेत में रहा, दोपहर करीब 3 बजे के लगभग खेत से जंगल होकर भोलगढ़ गांव की तरफ आ रहा था।
बताया गया इन सदस्यों में से प्रेमवती पाव 30 वर्ष पर पगडंडी रास्ते के पास खड़े एक हाथी द्वारा हमला कर दिया गया। महिला भाग नहीं सकी। महिला को मारने के बाद हाथी वहां मौजूद दो अन्य की तरफ बढ़ा और दोनों को उठाकर पटक दिया। इससे महिला का पति राममनोज पाव 32 वर्ष और पुत्र दीपक पाव 6 वर्ष घायल हो गए।
दोनों के शोर मचाने और विपरीत दिशा में पेड़ों की तरफ हो जाने से हाथी वहां से कुछ समय के लिए हट गया तो दोनों वहां से दूर हो गए और परिवार के लोगों को फोन से घटना की जानकारी दी। वन विभाग की टीम द्वारा सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को भोलगढ़ गांव लाकर निजी वाहन ऑटो से उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भेजा। हाथी महिला को मृत करने बाद घटनास्थल के आसपास ही काफी देर तक खड़ा रहा जिसे हो-हल्ला करने पर जंगल में ही दूसरी जगह चला गया।
यह भी पढ़ें- 'मेरी मौत की जिम्मेदार पत्नी है...', भोपाल के पति ने होटल में लगाई फांसी, युवक के आखिरी वीडियो ने मचाया हड़कंप
घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पहुंचें। वन विभाग के कर्मचारियों ने मृतका के शव को वहां से अलग किया। वन विभाग ने भोलगढ़ चटुआ, खांड़ा, पौड़ी, मानपुर, बरबसपुर, सोनटोला एवं हाथी से प्रभावित ग्रामों के ग्रामीणों को रात के समय सचेत एवं सतर्क रहने, हाथी से दूरी बनाए रखने की मुनादी कराई गई है।
बताया गया यह हाथी दो सप्ताह से यहां के जंगल में मौजूद है। यह वही हाथी है जो छत्तीसगढ़ के मरवाही के जंगल में महुआ बीन रहे एक युवक को मार डाला था। यह अकेला दंतैल हाथी बेहद आक्रामक है, यह क्षेत्र में दहशत फैलाए हुए है।