अशोकनगर में दर्दनाक हादसा : एक टक्कर ने उजाड़ दिए दो परिवार, चार की मौत; सात साल के मासूम ने भी तोड़ा दम
आरोन रोड पर तौकली गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार लोगों की मौत हो गई।
Publish Date: Mon, 31 Aug 2026 10:02:58 PM (IST)Updated Date: Tue, 01 Sep 2026 07:25:54 AM (IST)
अशोकनगर में दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में मासूम समेत 4 की मौत। नईदुनिया।HighLights
- आरोन रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत
- एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत
- सात वर्षीय मासूम कल्ला ने भी तोड़ा दम
नईदुनिया प्रतिनिधि, अशोकनगर। सोमवार शाम अशोकनगर जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। आरोन रोड पर तौकली गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
रक्षाबंधन मनाकर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार खैजरा खुर्द निवासी शिवराज (35) अपनी पत्नी धनकुबेर (32) और सात वर्षीय बेटे कल्ला के साथ बाइक से अशोकनगर लौट रहे थे।
शिवराज अशोकनगर में अंबेडकर भवन के पास फोटोग्राफी की दुकान चलाते थे। रक्षाबंधन के अवसर पर वह परिवार के साथ गांव गए थे और बेटे का स्कूल मंगलवार से खुलने के कारण सोमवार को वापस अशोकनगर लौट रहे थे।
मासूम ने मौके पर तोड़ा दम
इसी दौरान तौकली गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शिवराज, उनकी पत्नी धनकुबेर और सात वर्षीय मासूम कल्ला की मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल शिवराज को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में तीनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
दूसरे परिवार पर भी टूटा दुखों का पहाड़
दूसरी बाइक पर बालवीर अहिरवार (52), उनकी पत्नी गुड़ी बाई और दामाद संतोष सवार थे। टक्कर में बालवीर अहिरवार की भी मौत हो गई, जबकि गुड़ी बाई और संतोष घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम
परिजनों के मुताबिक शिवराज अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी चार बेटियां और एक बेटा था। हादसे में बेटे कल्ला की भी मौत हो गई। अब परिवार में तीन बेटियां और बुजुर्ग माता-पिता ही रह गए हैं। एक ही हादसे में माता-पिता और इकलौते बेटे को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जमा हो गई। एक सड़क हादसे ने जहां दो परिवारों से चार जिंदगियां छीन लीं, वहीं एक मासूम की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।