MP Police Unique Initiative: रक्षाबंधन पर अशोकनगर SP ने महिला पुलिसकर्मियों को दी छुट्टी, पुरुष संभालेंगे जिम्मेदारी
अशोकनगर SP ने जिले में तैनात सभी महिला पुलिस अधिकारियों को रक्षाबंधन पर छुट्टी दे दी है, ताकि वे अपने भाइयों और परिवार के साथ त्यौहार मना सकें।
Publish Date: Thu, 27 Aug 2026 09:19:00 PM (IST)Updated Date: Thu, 27 Aug 2026 09:19:00 PM (IST)
एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने पहली बार सभी महिला कर्मियों को अवकाश देने की पहल की। नईदुनिया।HighLights
- रक्षाबंधन पर सभी महिला पुलिसकर्मियों को छुट्टी
- पुरुष अधिकारी-कर्मचारी उनके दायित्व संभालेंगे
- महिला पुलिसकर्मियों ने डाक के जरिए राखियां मंगाईं
नईदुनिया प्रतिनिधि, अशोकनगर। जिला पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। पुलिस अधीक्षक ने जिले में तैनात सभी महिला पुलिस अधिकारियों को रक्षाबंधन पर छुट्टी दे दी है, ताकि वे अपने भाइयों और परिवार के साथ त्यौहार मना सकें।
इस दौरान पुलिसिंग एवं कार्यालयीन कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए पुरुष पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनके दायित्व संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी ने लिया बड़ा फैसला
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत महिला अधिकारी एवं कर्मचारी भी अपने परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। त्योहारों के अवसर पर उन्हें अपने स्वजन के साथ समय बिताने का अवसर मिलना जरूरी है।
इसी भावना को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों को रक्षाबंधन पर अवकाश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारियां निरंतर चलती रहती हैं। इसलिए महिला कर्मचारियों के अवकाश के दौरान पुरुष अधिकारी एवं कर्मचारी उनके दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था पूर्ववत सुचारू बनी रहेगी।
एसपी ऑफिस में सजेंगी राखियां
इस पर्व को विशेष बनाने के लिए जिले की महिला पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में डाक से राखियां भेजने को कहा गया है। वहां पहुंची राखियों को परिसर में ही सजाया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि इस पहल के माध्यम से पुलिस परिवार के बीच आपसी स्नेह, भाईचारे और पारिवारिक भावनाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
13 साल की नौकरी के दौरान हमको करवाचौथ जैसे पर्व पर भी अवकाश नहीं मिला। ऐसे में रक्षाबंधन पर अवकाश के इस संवेदनशील पहल का स्वागत है। -ऋतु चौहान, महिला थाना प्रभारी अशोकनगर।
नौकरी में आने के बाद पहली बार ऐसा मौका मिल रहा है कि जब हम रक्षाबंधन पर स्वजन के साथ त्यौहार मना सकेंगे। इस संवेदनशील पहल से सभी महिला पुलिसकर्मी हर्षित हैं। - पूनम सेलर, थाना प्रभारी देहात।