

नईदुनिया प्रतिनिधि, परसवाड़ा। असम के नागांव जिले के कटिमारी स्थित 34वीं बटालियन CRPF कैंप में मंगलवार को फायरिंग हुई। इस फायरिंग में जान गंवाने वाले जिले के वीर जवान, प्रधान आरक्षक विष्णु बघेल का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके गृह ग्राम परसवाड़ा लाया गया।
जैसे ही CRPF के विशेष वाहन से तिरंगे में लिपटा उनका ताबूत गांव पहुंचा, माहौल बेहद गमगीन हो गया। अपने सपूत के अंतिम दर्शन के लिए परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। पूरा इलाका 'जब तक सूरज-चांद रहेगा, विष्णु तेरा नाम रहेगा' के नारों से गूंज उठा।
शहीद जवान को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि पहुंचे। क्षेत्रीय विधायक मधु भगत, SDM, तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद परसवाड़ा स्थित शेरपार रोड शक्ति घाट पर CRPF के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
दरअसल, असम के कटिमारी स्थित CRPF कैंप में पदस्थ ASI बल्लानी प्रेमाबरम ने अचानक गार्ड रूम से इंसास राइफल लेकर बैरक और क्वार्टर गार्ड की ओर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस दुखद घटना में SI रामनवाल सिंह यादव और हेड कांस्टेबल विष्णु प्रसाद बघेल को गोली लगने से मौत हो गई। फायरिंग के बाद आरोपी ASI ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।
यह भी पढ़ें- भोपाल से चल रहा था 'म्यूल अकाउंट' का बड़ा नेटवर्क: ग्रामीणों के बैंक खाते किराए पर लेकर साइबर ठगों को बेचता था गिरोह