बालाघाट पुलिस ने सिखाया अनूठा सबक, चोरी के आरोपियों का निकाला जुलूस, पीड़ित के घर ले जाकर मंगवाई माफी
Balaghat Police Action: जिले में बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करने के लिए पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 24 Jan 2026 08:05:15 PM (IST)Updated Date: Sat, 24 Jan 2026 08:05:14 PM (IST)
बालाघाट पुलिस ने सिखाया अनूठा सबक। (Image Source: AI-Generated)HighLights
- पुलिस ने चोरों से सार्वजनिक रूप से कराया तौबा
- घटनाओं पर रोक के लिए निकाला चोरों का जुलूस
- रेलवे फाटक से पीड़ित के घर तक पैदल चले चोर
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। जिले में बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करने के लिए पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के निर्देशन में पुलिस सख्त रुख अपना रही है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने चोरी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनका जुलूस निकाला। पुलिस इन चोरों को पैदल चलाते हुए पीड़ित के घर तक ले गई और वहां उनसे कान पकड़कर माफी मंगवाई। इस दौरान चोरों ने स्वीकार किया कि "चोरी करना पाप है" और संकल्प लिया कि वे दोबारा ऐसा अपराध नहीं करेंगे।
सूने मकान का ताला तोड़कर उड़ाए थे लाखों के जेवर
चोरी की यह वारदात 19 जनवरी की रात गणेश नगर (वार्ड क्रमांक 1) में हुई थी। फरियादी मनोज उइके ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर सोने और चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
संदेहियों से पूछताछ में हुआ खुलासा, 2.50 लाख का माल बरामद
कोतवाली थाना प्रभारी कामेश धुमकेती के नेतृत्व में टीम ने संदेह के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमित गेडाम (गंगानगर), धर्मेंद्र उर्फ सरुप कावरे और अंशुल पटले (इंदिरा नगर) के रूप में हुई है। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने गणेश नगर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई एक सोने की चेन, अंगूठियां, नथ, कान के झाले, चांदी की पायल और करधन समेत कुल 2 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
यह भी पढ़ें- बिस्किट लेने गई 5 साल की मासूम से 17 साल के दुकानदार ने किया दुष्कर्म, कुत्ते का डर दिखाकर दुकान के अंदर की गंदी हरकत
बेटी की शादी के लिए जमा किए थे गहने
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) वैशाली सिंह ने बताया कि यह प्रकरण मानवीय संवेदनाओं से भी जुड़ा हुआ था। पीड़ित परिवार ने अपनी बेटी की शादी के लिए कड़ी मेहनत से ये सोने-चांदी के जेवरात खरीदे और जमा किए थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और शत-प्रतिशत बरामदगी ने पीड़ित परिवार को बड़ी राहत दी है। आरोपियों का मेडिकल मुलाहिजा कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।