बालाघाट में करंट बिछाकर नीलगाय का शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल, सुसवा बीट की घटना
वन परिक्षेत्र हट्टा के ग्राम मानागढ़ में करंट लगाकर एक नर नीलगाय उम्र तीन वर्ष का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 10:43:06 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 10:43:06 PM (IST)
तीन आरोपी कोर्ट में पेश, भेजे गए जेल, नईदुनियाHighLights
- 23 नवंबर की दरमियानी रात हुई घटना
- करंट बिछाकर नीलगाय का शिकार
- तीन आरोपी कोर्ट में पेश, भेजे गए जेल
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। वन परिक्षेत्र हट्टा के ग्राम मानागढ़ में करंट लगाकर एक नर नीलगाय उम्र तीन वर्ष का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना इमली तालाब के पीछे सुसवा बीट के कक्ष क्रमांक 698 में हुई।
वन विभाग ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपित फरार है। वन विभाग के अनुसार, 23 नवंबर की दरमियानी रात जंगली जानवरों के शिकार के उद्देश्य से आरोपितों ने जंगल में जीआई तार के जरिए करंट लगाया था।
नर नीलगाय की हुई थी मौत
इसी की चपेट में आने से नर नीलगाय की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग का चौकीदार तत्काल वन परिक्षेत्र हट्टा को सूचित किया। टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान जीआई तार का बंडल तथा नीलगाय का शव बरामद किया।
वन विभाग ने डोंगरगांव निवासी सुखदेव राऊत, राजकुमार वासनिक और सुरेश सराटे को गिरफ्तार किया है। मानागढ़ निवासी राहुल भलावी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
तीन आरोपी भेजे गए जेल
तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार आरोपित की तलाश जारी है। 20 दिन पूर्व इसी परिक्षेत्र में एक बायसन की भी करंट लगाकर शिकारियों ने शिकार किया था। इधर, लगातार हो रही करंट से वन्यजीवों की मौत से गश्ती पर सवाल खड़े होने लगे है।