नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। माओवादी हिंसा से मुक्त होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को हाकफोर्स के 60 जवानों को ‘क्रम से पूर्व पदोन्नति’ देकर उनके शौर्य को सलाम किया।
पदोन्नति पाने वाले इन जवानों ने 14 जून 2025 को पचामादादर में हुई मुठभेड़ में तीन महिला समेत चार माओवादियों को ढेर किया था।
पुलिस ग्राउंड में आयोजित अलंकरण समारोह में सीएम ने कहा कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से मध्य प्रदेश ने समय सीमा से पहले माओवादी हिंसा का खात्मा किया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व का नतीजा है कि जांबाज जवानों ने लाल सलाम को आखिरी सलाम करने का संकल्प पूरा किया है।
सीएम ने कहा कि माओवादी दोबारा यहां पैर नहीं जमा पाएंगे। इसके लिए सरकार ठोस प्रबंध कर रही है। सीएम ने कहा कि बालाघाट में अमर जवान ज्योति माओवाद मुक्त अभियान का स्मारक बनेगा।
MP Promotion: 10 दिनों में निर्धारित होंगे पदोन्नति के पद, इन विभागों में उलझेगा मामला
गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराने का प्रस्ताव भेजा
मुख्यमंत्री ने जिले के 32 पुलिस संस्थानों के आईएसओ प्रमाणीकरण (अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन) की घोषणा भी की। उन्होंने थानाधिकारियों को आइएसओ प्रमाण पत्र बांटे। इनमें 24 पुलिस थाने, छह एसडीओपी कार्यालय व अन्य संस्थाएं हैं। बालाघाट पुलिस ने इस उपलब्धि को गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराने प्रस्ताव भेजा है।
बालाघाट में होगी कृषि कैबिनेट
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कृषि कल्याण वर्ष के तहत मार्च से शुरू होने वाली कृषि कैबिनेट बालाघाट में होगी। कैबिनेट में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण और पशु पालन एवं डेयरी विकास विभाग से जुड़े अहम प्रस्ताव रखे जाएंगे।