
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बरसात की शुरुआत के साथ ही जिले में कुओं में जहरीली गैस के कारण हादसे बढ़ गए हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा गुरुवार शाम किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरटोला में हुआ, जहां मोटर सुधारने कुएं में उतरे दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पिपरटोला निवासी किसान युवराज पिता चंदनलाल बिसेन 55 वर्ष के खेत में लगी मोटर खराब हो गई थी। मोटर को ठीक करने के लिए युवराज अपने साथी महेश पिता भरतलाल चौधरी के साथ कुएं में उतरे। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, बरसात में बंद रहने के कारण कुएं के अंदर जहरीली गैस जमा हो गई थी। जैसे ही दोनों नीचे पहुंचे, जहरीली गैस के संपर्क में आने से वे बेहोश होकर पानी में गिर गए।
घटना की सूचना मिलते ही किरनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों के शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम शुक्रवार को किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस और राजस्व विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि बरसात में लंबे समय तक बंद रहने वाले कुओं में सफाई या मरम्मत के लिए बिना सुरक्षा उपकरणों के न उतरें। पहले कुएं के अंदर गैस की जांच कर लें, अन्यथा ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। इस हादसे से पिपरटोला गांव में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें- खंडवा में अमन लाला से खुला अवैध हथियारों का नेटवर्क, तीन पिस्टल के साथ चार बदमाश गिरफ्तार