

नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। लग्जरी लाइफ जीने और अपने शौक पूरा करने के मकसद से कालेज विद्यार्थियों ने कार चोरी की घटना को अंजाम दिया है। कोतवाली पुलिस की सघन जांच के बाद मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेसवार्ता लेकर एसपी आदित्य मिश्रा और कोतवाली थाना प्रभारी अजय गुर्जर ने घटना की जानकारी दी।
बताया गया कि प्रार्थी शिवायु पिता सुधीर पटले निवासी मंडला जो भटेरा बालाघाट में रहता है। उसने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 जुलाई की रात घर के सामने खड़ी टाटा पंच कार क्रमांक एमपी 51 जे 0469 चोरी हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम अमोली से चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
चोरी गई कार बरामद की गई है। जांच में ये तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपित धनेश उर्फ लक्की उर्फ राजा कटरे प्रार्थी का करीबी मित्र है। उसने अपने महंगे शौक पूरे करने की नीयत से पहले ही फरियादी की कार की नकली चाबी तैयार करवा ली थी। अपने अन्य साथियों के साथ योजनाबद्ध तरीके से घर के सामने खड़ी कार चोरी कर बेचने की फिराक में था।
इस मामले में पुलिस ने धनेश उर्फ लक्की उर्फ राजा कटरे, कपिल चौधरी, अनुराग सोनावणे और आशीष रिनायत को गिरफ्तार किया है। इस खुलासे में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अजय सिंह गुर्जर, सउनि. भुनेश ठाकरे, प्रआर. गजेंद्र माटे, प्रआर. रामकिशोर पटले, प्रआर. नंदकिशोर टेकाम, आर. शेख शहजाद, प्रियांक श्रीवास, ईश्वरचंद विद्यासागर, साइबर सेल आर. जय भगत आदि की अहम भूमिका रही।