बालाघाट पहुंचे पाकिस्तान से रिहा हुए प्रसन्नजीत रंगारी, ढोल नगाड़ों से हुआ स्वागत, भाई को देख रो पड़ी बहन
MP News: पाकिस्तान की जेल में सात साल सजा काटने के बाद बालाघाट के खैरलांजी का प्रसन्नजीत रंगारी शुक्रवार शाम अपने गांव पहुंच गया है। पांच सदस्यीय दल र ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 06 Feb 2026 10:12:19 PM (IST)Updated Date: Fri, 06 Feb 2026 10:12:48 PM (IST)
बालाघाट पहुंचे पाकिस्तान से रिहा हुए प्रसन्नजीत रंगारीHighLights
- प्रसन्नजीत रंगारी शुक्रवार शाम अपने गांव पहुंच गया है
- इस दौरान उसका ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत हुआ
- अपने भाई को लंबे समय बाद देख रो पड़ी बहन संघमित्रा
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। पाकिस्तान की जेल में सात साल सजा काटने के बाद बालाघाट के खैरलांजी का प्रसन्नजीत रंगारी शुक्रवार शाम अपने गांव पहुंच गया है। पांच सदस्यीय दल रात 8 बजे प्रसन्नजीत को लेकर कटंगी मुख्यालय पहुंचा। यहां उसका ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत हुआ। फूलों की माला पहनाकर सबने प्रसन्नजीत का स्वागत किया। तहसील मुख्यालय में हुए इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
स्वागत सत्कार के वक्त प्रसन्नजीत सामान्य था। उसने कलेक्टर मृणाल मीना का धन्यवाद किया। बता दें कि पाकिस्तान से रिहा होने के बाद प्रसन्नजीत को बालाघाट लाने के लिए परिवारजन आर्थिक संकट के कारण अमृतसर नहीं जा पा रहे थे। संज्ञान में जानकारी आते ही कलेक्टर मृणाल मीना ने तत्काल प्रसन्नजीत को लेने की व्यवस्था की। इसके लिए प्रसन्नजीत के जीजा राजेश खोबरागड़े के साथ ग्राम मोहगांव और महकेपार के रोजगार सहायक को सड़क मार्ग से रवाना किया।
वहीं पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने महकेपार चौकी से एक आरक्षक को रवाना होने के निर्देश दिए। कटंगी के सर्किट हाउस में स्वागत समारोह के बाद दल प्रसन्नजीत को लेकर बड़ी बहन संघमित्रा खोबरागड़े के गांव महकेपार पहुंचा। यहां भी ग्रामीणों ने उसका ढोल नगाड़ों और फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। सालों बाद अपने बिछड़े भाई को देख बहन की आंखें नम हो गई।
यह भी पढ़ें- ‘मेरी मां इसलिए वो जिंदा है, ताकि उसे देख सके’, प्रसन्नजीत रंगारी की बहन ने बताई बेटे की जुदाई से व्यथित मां की दर्दभरी कहानी
एक सवाल के जवाब में संघमित्रा ने कहा- मेरा भाई मेरे सामने है। ये सपना सच हो गया। कटंगी एसडीओपी विवेक शर्मा ने बताया कि कटंगी पहुंचने पर प्रसन्नजीत सामान्य था। उसने सबके साथ चाय-नाश्ता किया और अपने कुशल होने की जानकारी दी। इस दौरान विधायक गौरव पारधी, कटंगी एसडीएम केसी ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ गायत्री कुमार सारथी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। एसडीओपी विवेक शर्मा ने बताया एक-दो दिन में प्रसन्नजीत के स्वास्थ्य की जांच कराई जाएगी।