बड़वानी में हादसा, बाइक से टकराकर ओवरलोड वाहन पलटा, तीन लोगों की मौत, दो महिलाएं गंभीर घायल
हादसे के बाद ओवरलोडर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें सवार रोशनी पुत्र जरसिंह निवासी सामरतलय, तहसील ठीकरी जिला बड़वानी के सिर में गंभीर चोट आने से ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 06 Feb 2026 05:31:57 PM (IST)Updated Date: Fri, 06 Feb 2026 05:43:31 PM (IST)
हाईवे पर दुर्घटना के बाद एंबुलैंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।HighLights
- ठीकरी में दर्दनाक सड़क हादसा।
- वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
- सवार अन्य लोगों को भी चोटें आईं।
नईदुनिया न्यूज, ठीकरी (बड़वानी)। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ठीकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घोलावनिया फाटे के पास हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल बड़वानी रैफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे राजेश पुत्र जगन मुजाल्दे, विनोद पुत्र मोहन मुजाल्दे निवासी रसवा जिला खरगोन बाइक से ठीकरी की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान घोलावनिया फाटे के समीप एक ओवरलोड पिकअप वाहन, जिसमें छत तक श्रमिक बैठे हुए थे, से उनकी भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद ओवरलोडर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें सवार रोशनी पुत्र जरसिंह निवासी सामरतलय, तहसील ठीकरी जिला बड़वानी के सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार दोनों युवकों की भी मौत हो गई।
घायलों का उपचार जारी
दुर्घटना में पिकअप वाहन में सवार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। इनमें से दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल बड़वानी रैफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ओवरलोड बना हादसे की वजह
यह हादसा एक बार फिर ओवरलोड पिकअप वाहनों के संचालन और पुलिस प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है। पूर्व में भी इस मार्ग पर ओवरलोडिंग को लेकर कई बार शिकायतें और खबरें सामने आ चुकी हैं, बावजूद इसके ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ओवरलोड वाहनों पर सख्ती की जाती, तो शायद इस तरह की जानलेवा दुर्घटना को रोका जा सकता था।
ओवरलोड पर जांच व कार्रवाई जारी
-हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और दो घायल है। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। घटना की जांच कर रहे हैं। वहीं ओवरलोड वाहनों की जांच व कार्रवाई करेंगे।
-एनएस रंधा, थाना प्रभारी ठीकरी