
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। दिल्ली के एक कथित हजरत के काले जादू का जिक्र कर घर में गढ़ा धन निकलने की लालच में एक आरोपित ने युवक के साथ लाखों रुपये की ठगी की। यह मामला शनिवार सामने आया। पुलिस ने मामले में संबंधित युवक को गिरफ्तार किया है। जिसने फरियादी को धन की लालच में आयतें पढ़ने को कहा और समय-समय पर करीब चार लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी की। फिलहाल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।
कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन के अनुसार फरियादी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गत वर्ष 15 जून 2025 को उसकी मुलाकात आसिफ पुत्र इकबाल शेख निवासी भैलसा मोहल्ला बड़वानी से हुई थी। इसके बाद वे साथ में रहने लगे। पीड़ित ने बताया कि आसिफ ने उससे दिल्ली के हजरत मोहम्मद अजलान सैयद का जिक्र कर काले जादू से रुपयों की वर्षा उसके घर के अंदर कराने का भरोसा दिलाया। जिस पर पीड़ित ने भरोसे में आकर 21 अक्टूबर 2025 से लेकर 15 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग समय पर उसको 2 लाख 82 हजार रुपये नगद और ऑनलाइन माध्यम से एक लाख 18 हजार रुपये (कुल 4 लाख रुपये) दिए।
इसके बाद आसिफ ने कपड़े में बंधी चीजें मेरे घर रखने का बोला और कहे मुताबिक उन चीजों को नर्मदा नदी में बहा दिया। वहीं दिल्ली से आए कागजों को भी नदी किनारे जला दिए थे। मतांतरण का दबाव बनाने लगापीड़ित ने बताया कि आसिफ द्वारा उसे बातों में उलझाकर मतांतरण का दबाव बनाने लगा और उसकी माता को जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद अब पीड़ित ने यह सब करने से मना किया, तो उसने अपशब्द कहे।
यह भी पढ़ें- नवजात को बोरे में भरकर फेंका, बच्चों ने किलकारी सुनकर बचाई जान, डेढ़-दो घंटे पहले ही जन्मा था
साथ ही रुपये वापस मांगने पर आसिफ ने कहा कि अभी हजरत को पढ़ाई करने के लिए पालनपुर और दिल्ली जाना पढ़ेगा। जहां पर खर्चा लगेगा। इसके बाद रुपये वापस मांगने पर धमकियां देने लगा। फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपित आसिफ के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित गाली गलौज, जान से मारने की धमकी देने, एससी, एसटी एक्ट और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त किया है। आरोपित को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।