

नईदुनिया न्यूज, ओझर। बड़वानी जिले के नागलवाड़ी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत लफनगाव में बुधवार सुबह 10 बजे ह्रदय विदारक घटना सामने आई है। अपने ही चार वर्षीय बेटे को फांसी पर लटकाकर पिता भी फंदे से झूल गया। घटना में दोनों की मौत हो गई। इस ह्रदय विदारक घटना से अंचल के लोग सदमे हैं।
पुलिस के अनुसार लफनगाव ग्राम पंचायत के चिभानियापूरा मोहल्ले के सायमल पुत्र बुधला (22) तथा उसका चार वर्षीय बेटा सुमित अपने घर में फांसी पर लटके मिले। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। सुमित का दादा बुधला नागलवाड़ी सुबह से सुमित के लिए दवा लेने गया था। दवा लेकर वापस आने के बाद बुधला को खिड़की से पोता सुमित व बेटा सायमल दोनों को रस्सी से लटके दिखे। जिन्हें दरवाजा तोड़कर निकाला गया।
यह भी पढ़ें- रायसेन में जीजा-साली के पेड़ से लटके मिले शव, प्रेम संबंधों के विरोध से परेशान होकर उठाया खौफनाक कदम
दोनों मृतकों की मां व दादी खेत में सुबह से काम करने गए हुए थे। बताया गया कि अबोध सुमित बचपन से बीमार था। जिसको लेकर उसका पिता सायमल परेशान रहता था। वहीं परिवार की माली हालत भी खराब बताई गई है। नागलवाड़ी थाना प्रभारी रामकुमार पाटिल ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। डाक्टर की पैनल से पीएम कराया जा रहा है।