
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। शहर के नवलपुरा छोटी कसरावद रोड पर सीवरेज कार्य के दौरान पेयजल लाइन और सीवरेज लाइन एकसाथ फूट गई। इससे गंदा पानी सड़कों पर बहा। करीब 500 मीटर सीवरेज की गंदगी बहने से पूरे क्षेत्र में खासी बदबू फैली। इससे रहवासियों, दुकानदारों को समस्या आई। वहीं निर्झरणी महोत्सव के कार्यक्रम स्थल तक गंदा पानी बहने से गंदगी व बदबू फैली। इससे लोगों में खासा रोष नजर आया।
रहवासी राजेश कुमार सोनी ने बताया कि पिछले कई दिनों से सीवरेज कार्य के चलते समस्या आ रही हैं। कुछ दिन से पेयजल लाइल लीकेज और सीवरेज की गंदगी से परेशानी आ रही हैं। शनिवार सुबह सीवरेज व पेयजल लाइन फूटने से पूरी सड़क पर तेज बहाव से गंदा पानी बहा, जो सामने मंदिर के सामने से गलियों तक पहुंचा।
इससे पूरे मार्ग में सीवरेज की गंदगी व बदबू फैलने से काफी परेशानी आई। इस बीच सुबह नलों में गंदा पानी आया। कुछ नलों में पानी काफी खराब आया। उन्होंने नगर पालिका और सीवरेज कंपनी से पेयजल लाइन में तत्काल सुधार की मांग की।
सुबह नल से गंदा पानी आया जिसे किसी ने पिया नहीं लेकिन घरों में पानी पूरी तरह खराब हो गया। उन्होंने नगर पालिका से मांग की कि बड़वानी को इंदौर के भागीरथपुरा जैसी स्थिति न बनने दी जाए। सोनी ने कार्य समय पर पूरा करने और सड़क की सफाई कराने का आह्वान किया ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।
बता दें कि नवलपुरा में अमित नगर की प्रथम गली के सामने फूटी पेयजल व सीवरेज लाइन की गंदगी पूरे सड़क पर बही, जो कुछ दूरी पर आगे स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर के सामने से से बहते हुए गलियों तक पहुंचा। इस दौरान रहवासियों ने नगर पालिका और सीवरेज निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रोष जताया।
दरअसल नवलपुरा मुख्य मार्ग का निर्माण गत वर्षों में नगर पालिका ने सीसी रोड के रूप कराया है। वहीं अब इस मार्ग पर सीवरेज लाइन डालने के लिए कंपनी द्वारा सीसी रोड को क्षतिग्रस्त होने से बचाव के लिए साइड से सीवरेज लाइन बिछाई जा रही हैं। वहीं सडक़ के किनारे नगर पालिका की पेयजल लाइन सहित कॉलोनी की पुरानी सीवरेज लाइन भी बिछी हुई हैं। ऐसे में सीवरेज की नई लाइन बिछाने के दौरान पेयजल के साथ पुरानी सीवरेज लाइन फूटने से समस्याएं बढ़ रही है। मार्ग पर तीन स्थानों पर गड्ढे खोदने पर यह समस्या सामने आ चुकी है।
नगर पालिका के रामकरण डावर ने कहा कि सीवरेज निर्माण कंपनी के कार्य के दौरान यह समस्या आई हैं। तत्काल दुरुस्ती करने को कहा हैं। वहीं सीवरेज निर्माण कंपनी के मैनेजर दीपेंद्रसिंह गोर ने कहा कि रहवासियों की सुविधा के लिए यह काम कराया जा रहा हैं। इस दौरान पुरानी सीवर व पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से समस्या आई हैं। दुरुस्ती करा रहे हैं।