फसल बर्बाद, बैल की मौत... रामा फलिया में ट्यूबवेल से निकल रहा लाल-काला पानी, बड़वानी का मामला
बड़वानी के पानसेमल तहसील की ग्राम पंचायत बालझिरी के अंतर्गत आने वाले रामा फलिया में खेतों में ट्यूबवेल से हल्का लाल व काला पानी निकल रहा है। इससे किसा ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 04 Apr 2026 06:21:23 PM (IST)Updated Date: Sat, 04 Apr 2026 06:21:23 PM (IST)
ट्यूबवेल से निकल रहा लाल-काला पानी। (एआई से जेनरेट किया गया इमेज)HighLights
- ट्यूबवेल से निकल रहा लाल-काला पानी।
- फसल खराब, मवेशी की मौत का दावा।
- PHE टीम ने बंद फैक्ट्री की जांच की।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। सतीश केवट, पानसेमल (बड़वानी): पानसेमल तहसील की ग्राम पंचायत बालझिरी के अंतर्गत आने वाले रामा फलिया में खेतों में ट्यूबवेल से हल्का लाल व काला पानी निकल रहा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र के किसान पेयजल के लिए अन्य साधनों से जलापूर्ति कर रहे हैं।
रामा फलिया निवासी मुकेश हवलदार डावर और सागर डावर ने बताया कि उनके खेत एवं आसपास के खेतों में करीब एक वर्ष से ट्यूबवेल से ऐसा पानी निकल रहा है। इस बात से उन्होंने अधिकारियों को भी अवगत कराया है।
फसल खराब और मवेशी की मौत का दावा
इस पानी के कारण उनकी मक्का की फसल भी एक बार खराब हो गई थी, साथ ही एक बैल की भी मौत हुई थी। उनके परिवार वर्तमान में पेयजल के लिए निकट के खेत से पानी ला रहे हैं। आसपास के रहवासियों को किसी बीमारी से ग्रसित होने का भय बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि वर्षाकाल के दौरान भी इस प्रकार की शिकायत प्रशासन को मिली थी, जिसके बाद पानी के सैंपल लिए गए थे। किसान परिवार से पूछने पर उन्होंने आसपास के अन्य खेतों में भी इस प्रकार की समस्या होने की जानकारी दी।
पीएचई टीम ने लिए नमूने, बंद फैक्ट्री की भी जाँच
![naidunia_image]()
रामा फलिया के ट्यूबवेल से निकलने वाले लाल-काले रंग के पानी की जांच के लिए पीएचई अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने आसपास खेतों में भी निरीक्षण किया और संबंधित किसान के यहां पहुंचकर जानकारी प्राप्त की।
किसान ने बताया कि इसके पूर्व भी इस समस्या के बारे में बताया गया था, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हो पाया। पीएचई विभाग के उपयंत्री संदीप मंगरोलिया ने बताया कि टीम द्वारा धामनी नदी, बंद खाद फैक्ट्री से मटेरियल और किसान की बोरिंग से निकलने वाले लाल पानी का सैंपल लिया गया।
फैक्ट्री प्रबंधन को निर्देश और प्रशासनिक रुख
टीम ने फैक्ट्री प्रबंधन से आवश्यक जानकारी लेकर उन्हें मटेरियल हटाने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान प्रयोगशाला सहायक लोकेश भावसार, रसायनज्ञ दिलीप मोरे, किशोर प्रजापत और ब्लॉक कार्डिनेटर क्रांति देसले मौजूद रहे। वहीं इस मामले को लेकर तहसीलदार पानसेमल सुनील सिसोदिया ने इस पानी को पीने योग्य नहीं बताया। उन्होंने स्थानीय निकाय से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाए जाने की बात कही।
साथ ही पीएचई अधिकारियों से चर्चा कर उसमें क्या सुधार किया जा सकता है, इसके लिए प्रयास किया जाएगा। अब प्रशासन द्वारा समस्या के निराकरण के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे, यह देखने वाली बात होगी।