

नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र में कथित प्रेम संबंध के संदेह में एक विवाहित महिला और उसके कथित प्रेमी के साथ मारपीट कर उन्हें पूरी रात खंभे से बांधकर रखने तथा अगले दिन गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर सोमवार रात उसके पति, देवर और भांजे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी महेश सुनैया के अनुसार 35 वर्षीय महिला का विवाह लगभग 15 वर्ष पूर्व हुआ था और उसके दो बच्चे हैं। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी दौरान पति के एक रिश्तेदार, जो पेशे से चालक है और उम्र में उससे तीन वर्ष छोटा है, से पिछले करीब पांच वर्षों से उसके प्रेम संबंध बन गए।
महिला के अनुसार करीब दो महीने पहले वह अपने बच्चों को पति के पास छोड़कर मायके चली गई थी। बाद में पति उसे समझाकर वापस ले आया। रविवार शाम वह अपने कथित प्रेमी के साथ थी, तभी पति और उसके परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई।
आरोप है कि इसके बाद पति, देवर और भांजे ने दोनों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की तथा घर के बाहर खंभे से बांध दिया, जहां दोनों वर्षा में भीगते हुए पूरी रात बंधे रहे। अगले दिन सुबह उन्हें गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
यह भी पढ़ें- MP-UDC में गुजरात की कंपनी का बड़ा फर्जीवाड़ा, 6.57 करोड़ की जाली बैंक गारंटी पर दिया ठेका, भोपाल में FIR दर्ज
पुलिस के अनुसार, गांव के सरपंच की सूचना पर विभिन्न थाना क्षेत्रों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों को मुक्त कराया। घटना के बाद महिला के मायके और ससुराल पक्ष के बीच तनाव की स्थिति भी बनी, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया। उप पुलिस अधीक्षक सुनैया ने बताया कि महिला की शिकायत पर उसके पति, देवर और भांजे के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
महिला ने पुलिस को बताया है कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती। उसे फिलहाल वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है तथा न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। थाना प्रभारी विकास बैनल के अनुसार जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।