बैतूल में कीटनाशक वाले गिलास से गलती से पानी पी गई 17 वर्षीय बालिका, इलाज के दौरान मौत
बैतूल के लाखाझिरी में 17 वर्षीय शिवानी ने गलती से कीटनाशक वाले गिलास से पानी पी लिया। हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 07 Sep 2026 02:56:33 PM (IST)Updated Date: Mon, 07 Sep 2026 02:56:33 PM (IST)
कीटनाशक वाले गिलास से गलती से पानी पी गई 17 वर्षीय बालिका। (नईदुनिया)HighLights
- 17 वर्षीय शिवानी ने गलती से कीटनाशक वाले गिलास से पानी पीया।
- पानी पीने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
- गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। झल्लार थाना क्षेत्र के ग्राम लाखाझिरी में एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खेत में कीटनाशक डालने के बाद बालिका ने गलती से उसी गिलास से पानी पी लिया, जिसका इस्तेमाल कीटनाशक रखने के लिए किया गया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे गंभीर अवस्था में बैतूल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां रविवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कीटनाशक वाले गिलास से पिया पानी
- मृतका की पहचान शिवानी पिता भाबाला बारस्कर (17), निवासी लाखाझिरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार शाम करीब 7 से 8 बजे शिवानी अपने पिता के साथ खेत में कीटनाशक के छिड़काव की तैयारी कर रही थी।
कीटनाशक नापने के लिए एक गिलास में दवा निकाली गई थी और उसे पानी में मिलाकर छिड़काव के लिए ले जाया गया। छिड़काव पूरा करने के बाद जब दोनों घर लौटे, इसी दौरान शिवानी ने गलती से उसी गिलास से पानी पी लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। आईसीयू में चल रहा था इलाज
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बालिका की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद रविवार दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच शिवानी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी शिवानी
परिजन के मुताबिक शिवानी चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। उसने कक्षा छठवीं तक पढ़ाई की थी, इसके बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। उसके पिता खेती-किसानी का काम करते हैं। रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। झल्लार पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।