
नवदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। भैंसदेही तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत झल्लार में मृत गाय को कचरा वाहन के पीछे रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटकर ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद ग्रामीणों, गौ सेवकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने नाराजगी जताई।
मामले की जानकारी लगते ही कलेक्टर ने कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला पंचायत की अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्राम पंचायत झल्लार के सचिव को नोटिस जारी कर दिया है। जनपद सीईओ और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत की अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्राम पंचायत झल्लार के सचिव देवेंद्र सोनी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। उन्हें इस पूरे मामले में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जवाब और जांच के आधार पर संबंधित के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

घटना सामने आने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर नायब तहसीलदार और भैंसदेही जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मृत गाय का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को भी प्रक्रिया की जानकारी दी।फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत क्षेत्र में मृत गोवंश को निस्तारण के लिए कचरा वाहन से ले जाया जा रहा था, इस दौरान उसे रस्सी से बांधकर सड़क मार्ग से घसीटते हुए ले जाया गया। इसे जिसने भी देखा उसने पंचायत की लापरवाही पर रोष जताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृत पशुओं के निस्तारण के दौरान मानवीय संवेदनशीलता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और गौ सेवकों ने मौके पर पहुंचकर आपत्ति जताई और संबंधित कर्मचारियों से नाराजगी व्यक्त की।