
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। पश्चिम वन मंडल बैतूल में पदोन्नति से जुड़े मामले में रिश्वत मांगने की शिकायत पर भोपाल लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को कार्रवाई की। लोकायुक्त टीम ने डीएफओ पश्चिम वन मंडल कार्यालय परिसर में 55 हजार रुपए की कथित रिश्वत लेते हुए कंप्यूटर ऑपरेटर अभय सिंह तोमर और सहायक ग्रेड-2 माखनलाल पवार को पकड़ा है।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी लोकायुक्त भोपाल कविंद्र सिंह चौहान ने बताया कि वन रक्षक सुकांत पाठक ने लोकायुक्त भोपाल में शिकायत की थी। शिकायत में पदोन्नति के एवज में 55 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था।
55 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़े
डीएसपी चौहान के अनुसार, शिकायत का सत्यापन लोकायुक्त टीम द्वारा कराया गया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद सोमवार को कार्रवाई की योजना बनाई गई। निर्धारित कार्रवाई के दौरान डीएफओ पश्चिम वन मंडल कार्यालय परिसर में दोनों कर्मचारियों को 55 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। लोकायुक्त दोनों कर्मचारियों से पूछताछ सहित मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर SP OFFICE में युवक ने खाया जहर, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; जांच में जुटी पुलिस