
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। बैतूल जिले के पर्यटन स्थल कुकरू में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव का दो दिवसीय प्रवास रविवार को स्वास्थ्य, जनकल्याण और पर्यावरण संरक्षण के संदेशों से भरपूर रहा। रविवार सुबह हिल स्टेशन कुकरू में मुख्यमंत्री ने योगाभ्यास किया, पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया,। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा रोपा तथा ग्रामीणों के साथ ग्राम चौपाल में जनसंवाद किया।
कुकरू रेस्ट हाउस परिसर में प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित योग सत्र में मुख्यमंत्री डा. यादव ने मयूरासन, शीर्षासन सहित कई कठिन योगासनों का प्रदर्शन किया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वक्रासन, भुजंगासन और शलभासन जैसे आसनों के साथ नाड़ी शोधन, तितली एवं भ्रामरी प्राणायाम भी किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कुकरू से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ करते हुए तीन वर्षीय आरोही माहोरे, सोनाली और शारदा को पोलियो रोधी दवा की दो-दो बूंद पिलाई। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाई जानी चाहिए ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत रुद्राक्ष का पौधा रोपा। इस दौरान उन्होंने कुकरू स्थित काफी बगान का भी अवलोकन किया और वहां की गतिविधियों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री डा यादव ने कुकरू में आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं, सुझाव और स्थानीय जरूरतों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कुकरू प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात का अनुश्रवण भी किया और उपस्थित लोगों के साथ कार्यक्रम सुना। मुख्यमंत्री ने कुकरू को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने , होम स्टे, काफी उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।