
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने अपने बैतूल प्रवास के दौरान रविवार को जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू में किसानों के बीच पहुंचकर खेती-किसानी के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने किसान मारोती बावस्कर के खेत में स्वयं हल चलाकर खरीफ सीजन की फसल की बुवाई भी की।
मुख्यमंत्री खेत में पहुंचे तो किसान मारोती अपने परिवारजनों के साथ मक्का की फसल की बुवाई कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सभी से आत्मीय संवाद कर फसल उत्पादन, सिंचाई व्यवस्था, खेती की लागत, बाजार की स्थिति और किसानों को मिल रही शासकीय सुविधाओं की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें- कुकरू की वादियों में सीएम मोहन यादव ने किया योग, तीन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर की अभियान की शुरुआत
मारोती ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पास लगभग डेढ़ एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें इस साल मक्के की बोवनी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने फसल की अच्छी पैदावार के लिए शुभकामनाएं देते हुए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा शासन की किसान हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री का खेत में पहुंचकर स्वयं हल चलाना ग्रामीणों और किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।