बैतूल-इंदौर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, 20 फीट तक घसीटा; पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत
इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम बारंगवाड़ी के समीप गुरुवार सुबह ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक पर सवार पिता - पुत्र की गंभीर चोट आने...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 25 Jun 2026 02:03:39 PM (IST)Updated Date: Thu, 25 Jun 2026 02:05:54 PM (IST)
हादसे के बाद बाइक को 20 फीट तक घसीटता हुआ ले गया ट्रक। नईदुनिया।HighLights
- बैतूल-इंदौर हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर मौत
- मृतक मनीराम यादव एसबीआई में सुरक्षा गार्ड थे, बेटा चंद्रेश उनके साथ जा रहा था
- हादसे के बाद ग्रामीणों ने हाईवे सुरक्षा और राहत व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए ज्ञापन सौंपा
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। बैतूल-इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। ग्राम बारंगवाड़ी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जोरदार टक्कर से दोनों उछलकर गिरे
पुलिस के अनुसार, ग्राम बारंगवाड़ी निवासी मनीराम यादव (50) और उनके पुत्र चंद्रेश यादव (24) बाइक से सुबह करीब 9 बजे चिचोली जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर उछलकर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक बाइक को करीब 20 फीट तक घसीटता हुआ ले गया।
मनीराम यादव भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में सुरक्षा गार्ड थे। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और एम्बुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची।
इसके विरोध में ग्रामीणों ने चिचोली तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार प्रेम सिंह दीवान को ज्ञापन सौंपा और राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।