भिंड जिला अस्पताल खुद ‘स्ट्रेचर’ पर: बुजुर्ग महिला को चादर पर ले जाने को मजबूर हुए स्वजन, वीडियो वायरल
स्वजन का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं करा सका।
Publish Date: Tue, 21 Jul 2026 11:25:56 AM (IST)Updated Date: Tue, 21 Jul 2026 11:26:42 AM (IST)
चादर में उठाकर बुजुर्ग महिला को ले जाते स्वजन। नईदुनियाHighLights
- अस्पताल में नहीं मिला वार्डबॉय और स्ट्रेचर
- चादर के सहारे एक से दूसरे वार्ड पहुंची वृद्धा
- अधिकारियों का दावा, मामले की होगी जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला मरीज को स्वजन चादर में उठाकर एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक ले जाते दिखाई दे रहे हैं। स्वजन का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं करा सका।
जानकारी के अनुसार रौन थाना क्षेत्र के मढ़ी जेतपुरा गांव निवासी 72 वर्षीय विटोली देवी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। इमरजेंसी में प्राथमिक जांच के बाद महिला को सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया। बाद में चिकित्सकों ने मेडिकल वार्ड में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। आरोप है कि काफी देर तक स्ट्रेचर और वार्डबाय नहीं मिलने पर स्वजन ने महिला को चादर में लिटाकर मेडिकल वार्ड तक पहुंचाया। इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया।
सिविल सर्जन डॉ. आर.के. मिश्रा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी वार्डों के बाहर स्ट्रेचर उपलब्ध हैं। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात भी कही है।