
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। त्योहार के चलते भिंड-ग्वालियर रूट पर बस संचालकों ने किराये में मनमानी शुरू कर दी है। भिंड से ग्वालियर का सामान्य एसी और नॉन एसी बस किराया 100 रुपये निर्धारित होने के बावजूद ऑनलाइन बुकिंग एप पर यात्रियों से 150 से 177 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
ऑफलाइन टिकट लेने वाले यात्रियों से भी बस चालक 20 से 30 रुपये अतिरिक्त वसूल रहे हैं। ऐसे में त्योहार के दौरान घर आने-जाने वाले यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, 8 से 10 नवंबर तक ऑनलाइन एप के माध्यम से भिंड से ग्वालियर और ग्वालियर से भिंड के बीच एसी बसों में टिकट बुक कराने पर 150 से 177 रुपये तक किराया लिया जा रहा है। केबीबीएस ब्लू लाइन की बस का किराया एप पर 177 रुपये दर्शाया जा रहा है, जबकि केसी भदावर ब्लू लाइन की बस का किराया 131 रुपये है। इसके अलावा अन्य बसों में भी 150 रुपये तक किराया वसूला जा रहा है। खास बात यह है कि ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को निर्धारित किराये से 50 से 77 रुपये तक अधिक चुकाने पड़ रहे हैं।
बस संचालकों का तर्क है कि त्योहार के दौरान बसों में यात्रियों की संख्या कम हो जाती है, इसलिए किराये में बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि त्योहार के नाम पर इस तरह किराया बढ़ाना उचित नहीं है। बसों में खुलेआम अतिरिक्त वसूली के बावजूद परिवहन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बस संचालकों की मनमानी पर रोक लगाने की जिम्मेदारी परिवहन विभाग की है, लेकिन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। भिंड आरटीओ आरके सोनी के पास टीकमगढ़ जिले का भी प्रभार है। इसके चलते उनका ज्यादातर समय भिंड से बाहर ही गुजरता है। बताया जाता है कि वे महीने में केवल दो से तीन दिन ही भिंड कार्यालय में बैठते हैं। ऐसे में परिवहन विभाग के कामकाज और बसों के किराये की निगरानी पर असर पड़ रहा है। इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।