भिंड के मेहगांव-मौ रोड पर कार और ई-रिक्शा की टक्कर, एक युवक की मौत व दूसरा गंभीर घायल
टक्कर इतनी तेज थी कि संतोष के सिर और शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आईं, जबकि बिरजू ई-रिक्शा से उछलकर सड़क पर गिर गया।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 10:47:40 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 10:48:00 AM (IST)
मृतक संतोष जाटव का फाइल फोटो।HighLights
- मेहगांव से मदनपुरा जा रहा था ई-रिक्शा
- हादसे में संतोष की मौत, बिरजू ग्वालियर रेफर
- कार चालक की तलाश व जांच में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। मेहगांव-मौ मार्ग पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ई रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा में सवार 32 वर्षीय संतोष जाटव की मौत हो गई, जबकि बिरजू नरवरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दीपेंद्र मेहगांव से जा रहा था मदनपुरा
पुलिस के अनुसार कटन का पुरा निवासी 31 वर्षीय दीपेंद्र जाटव बुधवार देर रात अपने ई रिक्शा क्रमांक एमपी 30 जेडजे 5069 से मेहगांव से मदनपुरा जा रहा था।
उसके साथ बुआ का बेटा संतोष जाटव निवासी मदनपुरा आगे बैठा था, जबकि अंकुश नरवरिया और बिरजू नरवरिया पीछे बैठे थे।
मौ रोड पर नवल सिंह परमार के घर के सामने पहुंची, तभी मौ की तरफ से आ रही लाल रंग की कार क्रमांक जीजे 20 एन 7459 के ड्राइवर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए ई रिक्शा में सामने से टक्कर मार दी।
जांच में जुटी पुलिस
टक्कर इतनी तेज थी कि संतोष के सिर और शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आईं, जबकि बिरजू ई-रिक्शा से उछलकर सड़क पर गिर गया। उसके शरीर में भी कई जगह चोटें आईं। दीपेंद्र और अंकुश दोनों घायलों को लेकर मेहगांव अस्पताल पहुंचे। यहां डाक्टरों ने संतोष को मृत घोषित कर दिया, जबकि बिरजू को ग्वालियर रेफर कर दिया। बाद में उसके स्वजन उसे उपचार के लिए ग्वालियर ले गए। पुलिस ने दीपेंद्र की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ई-रिक्शा चालक की रिपोर्ट पर कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों और कार चालक की पहचान संबंधी तथ्यों की जांच की जा रही है। - रविंद्र शर्मा, टीआई थाना मेहगांव