भिंड-लहार नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, बस और बाइक की टक्कर में तीन की मौत, 150 मीटर तक घिसटते चले गए युवक
ऊमरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भिंड-लहार नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार बस और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 25 Apr 2026 02:46:25 PM (IST)Updated Date: Sat, 25 Apr 2026 02:46:25 PM (IST)
बाइक सवार तीन युवकों ने तोड़ा दम।HighLights
- बस और बाइक की हुई सीधी भिड़ंत
- शनिवार दोपहर काल बनी निजी बस
- बाइक सवार तीन युवकों ने तोड़ा दम
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। भिंड-लहार नेशनल हाइवे 552 पर ऊमरी थाना अंतर्गत किशोरसिंह के पुरा के पास शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार चार युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे हुई।
150 मीटर तक घिसटते चले गए युवक
बताया जा रहा है कि बाइक सवार चार युवक सड़क पर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक करीब 150 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 112 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को रौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। बाद में जिला अस्पताल भिंड में उपचार के दौरान एक और युवक की मौत हो गई। चौथे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें- बड़वाह में मोरटक्का पुल पर ट्रक ने मारी एक्टिवा को टक्कर, बिजली कंपनी के कर्मचारी की मौत
बस छोड़कर चालक फरार
खबर लिखे जाने तक मृतक और घायल युवकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर ढोंचरा गांव की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने पीछा कर करीब एक किलोमीटर दूर बस को पकड़ लिया, लेकिन चालक और स्टाफ मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीन युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक का इलाज जारी है। मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है।- शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआइ थाना ऊमरी