कारगिल योद्धा ने एसपी के पैर पकड़े, बोले- '35 बार थाने गया, पत्नी की हत्या मामले की सुनवाई नहीं हुई, जीने का मन नहीं'
पत्नी की हत्या व साढ़े चार लाख रुपये, 32 तोला सोना और करीब 2.5 किलो चांदी लूट के मामले में एक वर्ष बाद भी अपराधियों के न पकड़े जाने से व्यथित आर्मी के ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 15 Apr 2026 08:48:52 PM (IST)Updated Date: Wed, 15 Apr 2026 08:50:53 PM (IST)
कारगिल योद्धा ने एसपी के पैर पकड़ेHighLights
- पत्नी की हत्या के बाद न्याय न मिलने पर एसपी के पैरों में गिरे कारगिल योद्धा
- एक साल बाद भी सुशीला देवी हत्याकांड में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं
- बदमाशों ने गला दबाकर की थी हत्या, 32 तोला सोना और नकदी लूट ले गए थे
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। पत्नी की हत्या व साढ़े चार लाख रुपये, 32 तोला सोना और करीब 2.5 किलो चांदी लूट के मामले में एक वर्ष बाद भी अपराधियों के न पकड़े जाने से व्यथित आर्मी के सेवानिवृत्त सूबेदार कारगिल योद्धा हरिदास दैपुरिया ने बुधवार को एसपी डॉ. असित यादव के पैर पकड़ लिए। भावुक होकर उन्होंने कहा कि 35 बार थाने जा चुका हूं, कई अधिकारियों से भी मिला, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई, इंसाफ नहीं मिलने से अब जीने का मन नहीं करता। एसपी ने उन्हें आश्वासन देते हुए केस में कार्रवाई के लिए 15 दिन का समय दिया है।
![naidunia_image]()
कल्याणपुरा में हुई थी सनसनीखेज वारदात
दरअसल, कल्याणपुरा गांव में 14-15 अप्रैल 2025 की रात सेवानिवृत्त सूबेदार कारगिल योद्धा हरिदास दैपुरिया की पत्नी सुशीला देवी की अज्ञात बदमाशों ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। घटना के समय वह घर की छत पर सो रही थीं। वारदात के बाद आरोपित घर से सोना-चांदी और करीब साढ़े चार लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
पुण्यतिथि पर रैली निकालकर जताया विरोध
बुधवार को सुशीला देवी की पुण्यतिथि के दिन परिवार, रिश्तेदारों और पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों के साथ दैपुरिया ने रैली निकालकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय भिंड में पहुंचकर प्रदर्शन किया। अपराधियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित पूर्व सैनिकों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, जिसके बाद एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पंद्रह दिनों के भीतर ठोस परिणाम देने का भरोसा दिलाया है।
यह भी पढ़ें- MP High Court का बड़ा फैसला... 10 साल से कार्यरत संविदा कर्मियों को मिलेगा स्थायी कर्मचारियों जैसा लाभ