शादी के 11 माह बाद नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पिता ने कहा- ससुरालियों ने दहेज के लिए कर दी हत्या
भिंड में नवविवाहिता ने फांसी लगाई, मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी, अलग घटना में युवक ने भी आत्महत्या की, दोनों मामलों में जां ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 25 Mar 2026 12:02:57 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Mar 2026 12:02:57 PM (IST)
नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- नवविवाहिता ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली
- मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया
- पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। फूफ थाना अंतर्गत बहराय का पुरा गांव में सोमवार दोपहर एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 20 वर्षीय खुशबू पत्नी वीरू बघेल ने घर के कमरे में रस्सी से लटककर फांसी लगा ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की शादी बीते 30 अप्रैल 2025 को हुई थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता सुरेंद्र पाल निवासी उरदना, हमीरपुर बांदा उप्र ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि बेटी की शादी एक सामूहिक सम्मेलन में की थी। शादी के कुछ माह बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर खुशबू को प्रताड़ित करने लगा था। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरी बेटी मानसिक रूप से परेशान थी। दहेज नहीं देने पर उसे मार दिया गया है। यह आत्महत्या नहीं हत्या है। पिता ने ससुरालवालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फूफ पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में घटना स्थल कमरे के अंदर का पाया गया, जहां से पुलिस ने फांसी में उपयोग की गई साड़ी जब्त की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट स्थिति सामने आएगी। ससुराल पक्ष से पूछताछ की जा रही है।
कमरे में फांसी पर लटका मिला युवक का शव
मौ थाना अंतर्गत के घूमरी गांव में भी एक युवक द्वारा फांसी लगाकर जीवन समाप्त करने का मामला सामने आया है। बल्लू बाल्मीकि पुत्र सिरनाम बाल्मीकि ने बताया कि उनके छोटे भाई रिंकू बाल्मीकि ने घर के कमरे में फांसी लगा ली। स्वजन जब कमरे में पहुंचे तो रिंकू का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।