
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पालतू ऊंट ने चारा डाल रहे युवक पर हमला कर दिया। ऊंट ने युवक की गर्दन दबोच ली और मांस चबा डाला। गंभीर रूप से घायल युवक को स्वजन भिंड जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे ग्वालियर के जया आरोग्य अस्पताल (JAH) रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक हजार बिस्तर अस्पताल के सर्जरी विभाग में भर्ती है। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी सर्जरी की जाएगी।
भिंड जिले के जमसारा गांव निवासी भोला खटीक पुत्र अशोक खटीक अपने पालतू ऊंट को चारा डाल रहा था। इसी दौरान ऊंट ने अचानक उसकी गर्दन को अपने जबड़े में दबोच लिया और मांस चबा लिया। हमले में भोला गंभीर रूप से घायल हो गया।
हजार बिस्तर अस्पताल पहुंचने पर भोला को प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन (पीएसएम) विभाग में एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद उसे सर्जरी विभाग में भेज दिया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
चिकित्सक के अनुसार गर्दन शरीर का संवेदनशील हिस्सा है, जहां महत्वपूर्ण रक्त वाहिकाएं, श्वांसनली और अन्य संरचनाएं होती हैं। ऐसे में इस हिस्से पर पशु के हमले से गंभीर चोट का खतरा रहता है। भोला के मामले में चिकित्सक घाव की स्थिति का आकलन कर आगे का उपचार कर रहे हैं और सर्जरी की तैयारी की जा रही है।