
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। दीपावली पर बिक्री करने के लिए वेल्डिंग की दुकान में पोटास कार्बाइड गन बना रहे एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने माधौगंज हाट चौक के पास स्थित दुकान से लोहे के पाइपों से बनी 7 पोटास कार्बाइड गन जब्त की हैं। मौके से गन बनाने में इस्तेमाल होने वाला हथौड़ा, वेल्डिंग की 5 छड़ें और एक वेल्डिंग मशीन भी मिली है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास गन बनाने और बेचने का लाइसेंस नहीं था। कलेक्टर पवन कुमार जैन ने 24 अक्टूबर को जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन का मामला भी सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार 25 अक्टूबर को हवलदार नीरज भदौरिया सर्किट हाउस के पास यातायात व्यवस्था की ड्यूटी पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि सरोज नगर निवासी सईम खान माधौगंज हाट चौक के पास अपनी वेल्डिंग की दुकान में दीपावली पर बेचने के लिए पोटास कार्बाइड गन बना रहा है। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद आरक्षक रामबरन और बृजमोहन को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस टीम दुकान पर पहुंची तो शटर खुला था और एक युवक गन बनाते हुए दिखाई दिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सईम खान पुत्र सलीम खान निवासी सरोज नगर, भिंड बताया। पुलिस को दुकान की तलाशी के दौरान अंदर लोहे के पाइपों से बनी 7 काले रंग की पोटास कार्बाइड गन मिलीं। इनमें पोटास भरने की जगह, पकड़ने के लिए हत्था और अंदर सरकाने वाली फायर छड़ लगी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, इन गनों में विस्फोट होने पर तेज आवाज के साथ अनियंत्रित चिंगारियां निकल सकती हैं। पाइप फटने की स्थिति में लोगों के घायल होने या जनहानि का खतरा रहता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
मुखबिर की सूचना पर माधौगंज हाट स्थित वेल्डिंग दुकान की तलाशी ली गई। वहां से 7 पोटास कार्बाइड गन और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। - अनीता गुर्जर, टीआई सिटी कोतवाली