
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। देहात थाना पुलिस ने शहर के बीटीआइ रोड इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने और गुंडागर्दी करने वाले दो आरोपितों का रविवार को जुलूस निकाला। पुलिस ने दोनों को वारदात स्थल पर ले जाकर मौका मुआयना कराया और इसके बाद बीटीआइ रोड पर करीब 500 मीटर तक पैदल घुमाया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 14 जून की रात महावीर नगर, बीटीआइ रोड निवासी अभिषेक शाक्य के घर पर अनिकेत यादव और अंशुमन उर्फ कन्हैया यादव अपने साथी सूरज यादव व एक नाबालिग के साथ पहुंचे थे। आरोपितों ने कट्टे से तीन से चार राउंड फायर किए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर देहात थाने में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
यह भी पढ़ें- गोविंदपुरा को 20 दिन से नए SDM का इंतजार... भोपाल में तबादलों के बाद भी अटकी प्रशासनिक व्यवस्था
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित अनिकेत यादव और फरियादी अभिषेक शाक्य पहले मित्र थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन मोबाइल पर हुई कहासुनी के बाद आरोपित साथियों के साथ हथियार लेकर अभिषेक के घर पहुंचे और दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग कर दी।
दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। वारदात स्थल का मौका मुआयना कराने के बाद उनका जुलूस निकाला गया। मामले के दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।- शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआइ देहात थाना