भोपाल में मोबाइल स्नैचिंग, देर रात सड़क पर टहलते हुए रील देख रहे इंजीनियरिंग छात्र से फोन झपटकर भागे बाइक सवार बदमाश
मोबाइल पर रील देख रहे एक इंजीनियरिंग छात्र से बाइक सवार बदमाश मोबाइल झपटकर फरार हो गए।
Publish Date: Fri, 19 Jun 2026 10:02:16 PM (IST)Updated Date: Fri, 19 Jun 2026 10:04:52 PM (IST)
भोपाल में मोबाइल स्नैचिंग( एआई फोटो)HighLights
- देर रात अशोका गार्डन क्षेत्र में इंजीनियरिंग छात्र से मोबाइल झपटमारी
- बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए दो बदमाश वारदात कर फरार
- सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में देर रात सड़क पर टहलते हुए मोबाइल पर रील देख रहे एक इंजीनियरिंग छात्र से बाइक सवार बदमाश मोबाइल झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
मोबाइल फोन पर रील देख रहे थे
पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय विक्रांत जैन, पंजाबी बाग क्षेत्र के निवासी हैं और एक निजी कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब एक बजे वह घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान वह अपने मोबाइल फोन पर रील देख रहे थे।
तभी पीछे से बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। वारदात के तुरंत बाद विक्रांत ने करीब 200 मीटर तक दौड़कर बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए।
पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया
घटना की सूचना मिलने पर अशोका गार्डन पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित जिस बाइक पर सवार थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।