वॉशिंग मशीन में छिपाकर रखी थी 1.6 किलो चरस, भोपाल में पति-पत्नी समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच पुलिस ने चरस की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पति-पत्नी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 1 ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 13 Apr 2026 11:02:31 PM (IST)Updated Date: Mon, 13 Apr 2026 11:02:31 PM (IST)
खाकी टेप में लिपटे पैकेट और वॉशिंग मशीन का ड्रायर।HighLights
- खाकी टेप में लिपटे पैकेट और वॉशिंग मशीन का ड्रायर
- भोपाल पुलिस ने पकड़ा ड्रग्स सप्लाई करने वाला गिरोह
- मुखबिर की सूचना पर गायत्री मंदिर के पास दी दबिश
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। क्राइम ब्रांच पुलिस ने चरस की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पति-पत्नी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 1.63 किलोग्राम चरस, एक बाईक, दो मोबाइल फोन और इलेक्ट्रानिक तौल कांटा जब्त किया गया है। आरोपित पति-पत्नी घर में वाशिंग मशीन के भीतर ड्रायर में चरस छुपाए रखते थे और डिमांड पर उसकी तस्करी करते थे। पुलिस ने पहले उनके सहयोगी तस्कर को पकड़ा था। उसकी निशानदेही पर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है।
मुखबिर की सूचना पर गायत्री मंदिर के पास दबिश
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने एमपी नगर जोन-1 स्थित गायत्री मंदिर के पास दबिश दी थी। यहां से मंजूर मोहम्मद खान उर्फ जुनेद (39) को स्कूटी सहित गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 126 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह यह मादक पदार्थ नौशीन खान नामक महिला से खरीदता है। इसके आधार पर पुलिस ने शाहजहांनाबाद क्षेत्र के अमीरगंज स्थित एक मकान पर छापा मारा, जहाँ नौशीन खान (30) और उसके पति जावेद खान (40) को गिरफ्तार किया गया।
वाशिंग मशीन के ड्रायर से बरामद हुई चरस की खेप
घर की तलाशी के दौरान वाशिंग मशीन के ड्रायर में रखे बैग से खाकी टेप में लिपटे छह पैकेट और एक खुला पैकेट मिला, जिनमें कुल 1.5 किलोग्राम से अधिक चरस बरामद हुई। पूछताछ में नौशीन ने कबूल किया कि वह घर से ही चरस की फुटकर बिक्री करती थी, जबकि जावेद बाहरी स्रोतों से माल लाकर सप्लाई करता था। तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- देवास कन्या भ्रूण हत्या मामला: विनायक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग का छापा, घंटों खंगाले गए रिकॉर्ड
आरोपितों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। जावेद के खिलाफ एनडीपीएस, अवैध हथियार और चोरी के 18 केस दर्ज हैं। वह कई मामलों में फरार था, उसके विरुद्ध पूर्व में भी वारंट जारी किए गए थे। जबकि मंजूर पर भी मारपीट, जुआ और अन्य अपराधों के प्रकरण हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है।