
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए लंबे समय से प्रस्तावित स्वास्थ्य बीमा योजना अब आगे बढ़ने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग की नई अपर मुख्य सचिव (एसीएस) रश्मि अरुण शमी ने अक्टूबर में पदभार संभाला है। अब यह प्रस्ताव उनके समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
एसीएस की सहमति के बाद इसे कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। वर्ष 2027 से कर्मचारियों और पेंशनरों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिलने की आशा है।
योजना के तहत कर्मचारियों और उनके परिवार को सालाना 20 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार का लाभ देने का प्रस्ताव है, जबकि पेंशनरों के लिए पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रस्तावित है। इससे प्रदेश के करीब 11 लाख शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को लाभ मिल सकेगा।
योजना में कर्मचारियों के मूल वेतन का एक प्रतिशत और पेंशनरों की पेंशन का चार प्रतिशत मासिक अंशदान लेने का प्रस्ताव है। छह साल से लंबित इस योजना के लागू होने से कर्मचारियों को गंभीर बीमारियों के उपचार में बड़ी राहत मिलेगी।
आयुष्मान भारत योजना के सीईओ अरविंद शाह का कहना है कि योजना का ड्राफ्ट तैयार है। दूसरे राज्यों की योजनाओं का भी अध्ययन कर बेहतर ड्राफ्ट तैयार करने का प्रयास किया गया है। योजना में कर्मचारियों के पति या पत्नी, माता-पिता और दो आश्रित बच्चों को भी शामिल करने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा दत्तक संतान और तलाकशुदा पुत्री को भी पात्रता के दायरे में रखने की बात है। पेंशनर के पति या पत्नी को भी इसका लाभ मिल सकेगा। प्रत्येक हितग्राही का फोटोयुक्त विशिष्ट पहचान वाला डिजिटल कार्ड बनाया जाएगा, जिसके माध्यम से अस्पतालों में उपचार की सुविधा मिलेगी।
उपचार के लिए प्रदेश के आयुष्मान योजना से संबद्ध अस्पतालों के साथ केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) से जुड़े अस्पतालों और राज्य के बाहर के चिह्नित अस्पतालों को भी शामिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कागजों में बह रहा पानी, हकीकत में नल बने शोपीस... राजगढ़ के 421 गांवों में पानी की सप्लाई बंद