
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ईदगाह हिल्स की वाजपेयी नगर मल्टी में नशे के अवैध कारोबार की शिकायतों पर पुलिस ने 14-15 नवंबर की दरमियानी रात बड़े स्तर पर सर्च आपरेशन चलाया। तीन एसीपी और नौ थाना प्रभारियों के नेतृत्व में जोन-3 के नौ थानों की 13 टीमों ने करीब ढाई घंटे में 50 घरों पर दबिश दी। इस दौरान एक महिला के ठिकाने से 741 ग्राम चरस, 387 ग्राम गांजा और नशे में इस्तेमाल होने वाले 606 इंजेक्शन बरामद किए गए।
जब्त मादक पदार्थों और इंजेक्शनों की कीमत करीब 2.85 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने डेढ़ लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। इसी कार्रवाई में प्राणघातक हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार वाजपेयी नगर मल्टी और ईदगाह हिल्स क्षेत्र में लंबे समय से नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त की सूचनाएं मिल रही थीं। इनकी पुष्टि के बाद डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता के निर्देशन में तीन एसीपी और नौ थाना प्रभारियों की टीम बनाई गई। महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की 13 टीमों ने चिह्नित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र की वाजपेयी नगर मल्टी स्थित झुग्गी नंबर 719 में रहने वाली 35 वर्षीय राजश्री मेषकर के घर की तलाशी में नशीले पदार्थों का जखीरा मिला। पुलिस ने यहां से 741 ग्राम चरस (कीमत करीब 1.90 लाख रुपये), 387 ग्राम गांजा (करीब 25 हजार रुपये) और ब्यूप्रेनार्फिन हाइड्रोक्लोराइड के 304 तथा फेनिरामाइन मेलिएट के 302 इंजेक्शन जब्त किए। इंजेक्शनों की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा पीतल का तराजू, पारदर्शी और पीले रंग की पालिथीन, 9,390 रुपये नकद और करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी मिला। राजश्री के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और मध्यप्रदेश ड्रग्स निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस उससे नशे की सप्लाई और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें- कर्नाटक के ड्रग तस्कर के लिए कुरियर बॉय बना इंजीनियर, 3 बार दिल्ली से ला चुका था नशा, भोपाल में पकड़ाया
दबिश के दौरान पुलिस ने 22 वर्षीय शमीम खान उर्फ फकीर को भी गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ 11 सितंबर 2026 को शाहजहांनाबाद थाने में प्राणघातक हमला और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज हुआ था। वह घटना के बाद से फरार था।
पुलिस के अनुसार, राजश्री के खिलाफ अवैध शराब बेचने, विवाद, मारपीट और धमकी देने के तीन पुराने मामले दर्ज हैं। वहीं शमीम के खिलाफ अवैध हथियार, शराब परिवहन, हमला, मारपीट और धमकी सहित 18 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।