MP सरकार का बड़ा एलान: 2% महंगाई भत्ता बढ़ाया, अक्टूबर के वेतन से मिलेगा नकद लाभ; पेंशनर्स को भी राहत
मध्य प्रदेश सरकार ने शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों के महंगाई भत्ते में जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। पेंशनर्स को जुलाई 2026 से महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि का लाभ मिलेगा।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 11:47:06 AM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 12:28:22 PM (IST)
मध्य प्रदेश कर्मचारी डीए में बढ़ोतरी। प्रतीकात्मकHighLights
- कर्मचारियों के डीए में 2 प्रतिशत वृद्धि
- नौ महीने का एरियर तीन किस्तों में मिलेगा
- सीएम ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों और अधिकारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। यह बढ़ी हुई दरें जनवरी से देय होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से घोषणा की है।
9 महीने के एरियर्स का तीन किस्तों में होगा भुगतान
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, जनवरी से सितंबर तक यानी नौ महीने के एरियर्स (बकाया राशि) का भुगतान तीन समान मासिक किस्तों में किया जाएगा। वहीं, अक्टूबर माह के वेतन (जो नवंबर में देय होगा) से कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान शुरू हो जाएगा।
पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी इजाफा
केवल सेवारत कर्मचारी ही नहीं, बल्कि राज्य के पेंशनर्स को भी इसका लाभ मिलेगा। सरकार ने पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत (डीआर) में जुलाई 2026 से 2% की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि सरकार पेंशनर्स और कर्मचारियों के हितों में सदैव उनके साथ खड़ी है।
प्रमुख बिंदु
कर्मचारियों का डीए: 2% की बढ़ोतरी, जनवरी से प्रभावी।
नकद भुगतान: अक्टूबर माह के वेतन (नवंबर देय) से बढ़कर मिलेगा डीए।
एरियर्स व्यवस्था: जनवरी से सितंबर (9 माह) का बकाया तीन समान किस्तों में दिया जाएगा।
पेंशनर्स को राहत: जुलाई 2026 से महंगाई राहत में 2% की वृद्धि।