
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात चार आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन को उपसचिव वित्त विभाग बनाया गया है। उनके स्थान पर जबलपुर नगर निगम के आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार की पदस्थापना की गई है। मेट्रो रेल कंपनी के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी इनके पास रहेगा।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किए आदेश के अनुसार छिंदवाड़ा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार अब जबलपुर नगर निगम के आयुक्त होंगे। वहीं, मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्मार्ट सिटी भोपाल तथा अपर आयुक्त नगर निगम अंजू अरुण कुमार को उपसचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास बनाया गया है। विभागीय अधिकारियों को कहना है कि आने वाले दिनों में कुछ और तबादले होंगे।