
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रॉयल मार्केट स्थित मल्टी केयर अस्पताल से छह वर्षीय मासूम अंश मैना लापता हो गया। मासूम अस्पताल में भर्ती अपनी मां के साथ मौजूद था। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह अस्पताल से नीचे गया और फिर लौटकर नहीं आया।
बच्चे की गुमशुदगी के बाद पुलिस का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। जोन-3 के सभी नौ थानों की पुलिस गहनता से उसकी तलाश में जुटी है। लेकिन बुधवार शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पुलिस के अनुसार अंश मैना अपनी मां की इकलौती संतान है। वह सौतेले पिता के साथ वाजपेयी नगर मल्टी में रहते हैं। बीते दिनों पीलिया से ग्रस्त उसकी मां रॉयल मार्केट स्थित मल्टी केयर अस्पताल में भर्ती हुई थीं, अंश भी उनके साथ ही मौजूद था।
मंगलवार सुबह करीब 10:48 बजे तक अंश अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिया। इसके बाद वह अस्पताल से नीचे गया और एक युवक के साथ जाता नजर आया। आखिरी बार वह नूरमहल क्षेत्र में दिखाई दिया था।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संबंधित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है, जिसके कारण वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। पुलिस ने युवक के परिजनों से भी पूछताछ की है और उसके मूवमेंट की जांच की जा रही है।
कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि अंश अपनी मां के साथ ही मल्टी केयर अस्पताल में मौजूद था। वह खेलने के लिए अस्पताल के नीचे गया था। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो दोपहर को पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
महिला के परिचितों-रिश्तेदारों से पूछताछ की गई। अस्पताल से आगे अलग-अलग रूट के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया है। इसमें वह नूरमहल के पास एक युवक के साथ दिखाई दिया था। पुलिस जब उस युवक तक पहुंची तो वह भी मानसिक विक्षिप्त होने के कारण कुछ स्पष्ट नहीं बता सका।
एडिशनल डीसीपी जोन-3 शालिनी दीक्षित ने बताया कि मासूम की तलाश के लिए कोहेफिजा, शाहजहांनाबाद, टीलाजमालपुरा समेत जोन-3 के सभी थानों की पुलिस लगी है। साथ ही अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस जांच कर रही है।
बच्चे की तलाश में पुलिस के साथ समाजसेवी संस्थाओं, चाइल्ड लाइन, नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवी संगठनों की भी मदद ली जा रही है। पुलिस ने अंश के बारे में सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।