
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल-इंदौर मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सीहोर पुलिस लाइन में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) शंकर सिंह उइके की मौत हो गई। ड्यूटी पर जाते समय एक तेज रफ्तार बस की टक्कर ने उनके जीवन का सफर थमा दिया। विशेष बात यह है कि आगामी जुलाई माह में वह सेवानिवृत्त होने वाले थे।
अशोकागार्डन क्षेत्र के दशमेष नगर निवासी 61 वर्षीय शंकर सिंह उइके शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर से बाइक पर सवार होकर सीहोर पुलिस लाइन के लिए निकले थे। जब वह भोपाल-इंदौर रोड पर तूमड़ा जोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार यात्री बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एएसआइ बाइक समेत डिवाइडर से जा भिड़े।
हादसे के दौरान एक विचलित करने वाली स्थिति सामने आई। टक्कर के बाद जब शंकर सिंह डिवाइडर से टकराए, तब उनकी पुलिस यूनिफॉर्म के बेल्ट का 'बकल' गहरे घाव के साथ उनके पेट में घुस गया। राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उनके पुत्र रामकुमार के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया कि बकल लगने से पेट की अंदरूनी नसें बुरी तरह कट गई थीं। अस्पताल में उनके चार ऑपरेशन किए गए, लेकिन नसों की गंभीर चोट के कारण शनिवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मूल रूप से सागर जिले के केसली के रहने वाले शंकर सिंह उइके के परिवार में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। बेटे रामकुमार ने बताया कि उनके पिता अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर थे और इसी वर्ष जुलाई में उनका रिटायरमेंट होने वाला था। सेवानिवृत्ति की खुशियों से पहले ही इस हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है।
हादसे के तुरंत बाद आरोपी बस चालक सवारियों से भरी बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। खजूरीसड़क थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।