
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के करीब 3.40 लाख परिवारों के 14 लाख हितग्राहियों के लिए अब राशन लेने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए भोपाल को केंद्रीय बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) आधारित राशन वितरण के पायलट प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है।
इसके तहत राशन कार्ड में दर्ज परिवार के प्रत्येक सदस्य का डिजिटल सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। दिसंबर से यह प्रक्रिया शुरू होगी और एक जनवरी 2027 से शहर में नई व्यवस्था पूरी तरह लागू करने की तैयारी है। ऐसे में जिन परिवारों के सदस्यों का सत्यापन पूरा नहीं होगा, उन्हें राशन प्राप्त करने में तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
जिले में 400 से अधिक शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से हितग्राहियों को हर महीने राशन वितरित किया जाता है। अब इन सभी दुकानों पर परिवार के प्रत्येक सदस्य का आधार और समग्र पोर्टल में दर्ज मोबाइल नंबर मिलान किया जाएगा। दोनों जगह मोबाइल नंबर अलग होने पर पहले उसे एक समान कराना होगा। इसके बाद संबंधित राशन दुकान पर परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी की फीडिंग और सत्यापन कराया जाएगा।
सीबीडीसी यानी सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी को डिजिटल रुपये के रूप में समझा जा सकता है। इस पायलट परियोजना का उद्देश्य राशन सब्सिडी के वितरण और उपयोग को डिजिटल माध्यम से जोड़ना है। इसमें पात्र हितग्राहियों को निर्धारित खाद्य सामग्री के लिए डिजिटल मुद्रा या वाउचर की सुविधा दी जा सकती है। अधिकृत दुकानों पर क्यूआर कोड अथवा डिजिटल वाउचर के माध्यम से लेनदेन किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, बसपा नेता गिरफ्तार, भोपाल ले गई पुलिस
जिले के पात्र हितग्राही संबंधित राशन दुकान पर पहुंचकर सीबीडीसी के तहत अपना सत्यापन करवा लें, दिसंबर से यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सत्यापन नहीं करवाने पर राशन वितरण में दिक्कत हो सकती है। ऐसे में दिसंबर का राशन लेने से पहले ही यह प्रक्रिया पूरी करवा लें।- चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक