रानी कमलापति स्टेशन के सामने जेबकतरे ने यात्री पर किया ब्लेड से हमला
खुद को घिरता देख बदमाश ने जेब से आधी कटी ब्लेड निकाली और संजीव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में घायल होने के साथ ही आरोपित ने उनके चेहरे और सिर पर मु ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 28 Mar 2026 05:03:48 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Mar 2026 05:10:00 PM (IST)
रानी कमलापति स्टेशन के सामने क्राइम।HighLights
- पुलिस की गश्त पर उठे सवाल, पूर्व में यात्री मोबाइल भी लूटा जा चुका है।
- पीड़ित के शोर मचाने के बावजूद ब्लेड के डर से भीड़ मूकदर्शक बनी रही।
- आरोपित ने भिंड निवासी यात्री के चेहरे और सिर पर मुक्कों से प्रहार किया।
नवदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के बाहर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार दोपहर बस में चढ़ते समय एक यात्री ने जब जेबकतरे को रंगेहाथ पकड़ा,तो बदमाश ने उन पर ब्लेड से हमला कर लहूलुहान कर दिया।
स्टेशन के बाहर सरेराह हुई इस वारदात के दौरान दहशत का यह आलम था कि बदमाश के हाथ में हथियार देख कोई भी राहगीर मदद के लिए आगे नहीं आया और आरोपित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मूलतः भिंड निवासी 42 वर्षीय संजीव कुमार वर्तमान में बंगरसिया क्षेत्र में रहते हैं। दोपहर करीब 12 बजे वे ग्यारह मील जाने के लिए स्टेशन के सामने बस का इंतजार कर रहे थे।
जैसे ही मंडीदीप जाने वाली बस आई और संजीव उसमें चढ़ने लगे, तभी एक अज्ञात युवक ने उनकी पैंट की जेब में हाथ डालकर पर्स निकालने का प्रयास किया। संजीव ने फुर्ती दिखाते हुए आरोपित का हाथ पकड़ लिया।
खुद को घिरता देख बदमाश ने जेब से आधी कटी ब्लेड निकाली और संजीव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में घायल होने के साथ ही आरोपित ने उनके चेहरे और सिर पर मुक्कों से भी प्रहार किया। पीड़ित के शोर मचाने के बावजूद ब्लेड के डर से भीड़ मूकदर्शक बनी रही।
असामाजिक तत्वों का जमावड़ा
- रानी कमलापति स्टेशन के बाहर देर रात तक लगने वाले अवैध ठेलों पर असामाजिक तत्वों के कारण यह क्षेत्र अपराध का केंद्र बनता जा रहा है।
- स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की गश्त यहां न के बराबर है। सुरक्षा व्यवस्था में चूक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूर्व में इसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत अपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं।
- बावजूद इसके, पुलिस प्रशासन ने यहां की कानून व्यवस्था को लेकर कोई कड़े कदम नहीं उठाए हैं, जबकि स्टेशन के बाहर यात्रियों के साथ लूट और झपटमारी की घटनाएं आम हो गई हैं।
- हाल ही में एक यात्री से ट्रेन पकड़ने जाते समय मोबाइल लूट की वारदात भी सामने आई थी।
- ताजा मामले में घायल संजीव कुमार बस ड्राइवर और कंडक्टर की मदद से गोविंदपुरा थाने पहुंचे,जहां पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।