MP में बनेगा अनोखा 'एरियल डिस्टेंस' एक्सप्रेस-वे, भोपाल से मंदसौर का सफर होगा सुपरफास्ट, 100 किमी दूरी होगी कम
नया फोरलेन भोपाल से सीहोर, शाजापुर, आगर, रतलाम जिले से होकर मंदसौर से लगे ग्राम नयाखेड़ा पहुंचेगा। वर्तमान में मंदसौर से भोपाल के लिए उपलब्ध मार्ग 350...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 29 May 2026 07:20:10 PM (IST)Updated Date: Fri, 29 May 2026 07:20:10 PM (IST)
भोपाल-मंदसौर के बीच बनेगा एक्सप्रेस-वे। (AI से जेनरेट की गई इमेज)HighLights
- भोपाल-मंदसौर के बीच बनेगा 250 किमी लंबा एक्सप्रेस-वे
- 100 किलोमीटर कम होगी दूरी, यात्रा समय में भारी बचत
- एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर विकसित होगा औद्योगिक कॉरिडोर
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। राजधानी भोपाल से मंदसौर को जोड़ने के लिए एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा। यह एरियल डिस्टेंस मार्ग होगा, यानी एक रेखा में सीधा व बिना किसी घुमाव, ट्रैफिक या भौगोलिक रुकावट के होगा।
नया फोरलेन भोपाल से सीहोर, शाजापुर, आगर, रतलाम जिले से होकर मंदसौर से लगे ग्राम नयाखेड़ा पहुंचेगा। वर्तमान में मंदसौर से भोपाल के लिए उपलब्ध मार्ग 350 किमी तक लंबे हैं, जबकि नया मार्ग 250 किमी का होगा। यानी इन दो शहरों के बीच की यात्रा सीधे 100 किलोमीटर तक कम हो जाएगी।
यह है एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेस-वे
यह नया हाई-स्पीड मार्ग जमीन से आठ से 10 फीट ऊंचाई पर बनाया जाएगा, इसमें बहुत कम मोड़ होंगे और यह पूरी तरह एक्सेस कंट्रोल्ड होगा, यानी इसमें कहीं भी कट नहीं होगा। कहीं से कोई वाहन बीच रास्ते में प्रवेश नहीं कर पाएगा। जहां गांव आएंगे सड़क पार करने के लिए अंडरपास बनाए जाएंगे। जिससे यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश को राजधानी से सीधी एवं तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।
भोपाल से मंदसौर के बीच शाजापुर और आगर जैसे शहर पड़ेंगे। इस मार्ग के दोनों ओर औद्योगिक कॉरिडोर भी विकसित किया जाएगा। मप्र सड़क विकास निगम ने निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मार्ग से यात्रा समय और ईंधन की बचत होने के साथ उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में इस बार कमजोर रहेगा मानसून, मौसम विभाग की चेतावनी- 47 जिलों में सामान्य से कम बारिश के संकेत
राजस्थान के यात्रियों को भी मिलेगा लाभ
इस फोरलेन का लाभ मप्र के भोपाल से लगे जिलों व मंदसौर-नीमच के साथ राजस्थान के प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और उदयपुर के यात्रियों को भी मिलेगा। सड़क विकास निगम इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बना रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष इस परियोजना का प्रस्तुतीकरण दिया गया है। जिस पर मुख्यमंत्री ने स्वीकृति देने के साथ ही शीघ्र ही काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।