
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जिला प्रशासन ने बड़ा तालाब के 50 मीटर दायरे में रसूखदारों की कोठी-बंगले तो चिह्नित कर लिए हैं लेकिन अब इनको हटाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। टीटीनगर वृत्त के सेवनियां गौंड व गौरा गांव में सोमवार को राजस्व अमला पूरी तैयारी से पहुंचा था, लेकिन कोठी-बंगलों सहित अन्य बड़े निर्माणों को छोड़ सिर्फ बाउंड्रीवाल व तारफेंसिंग पर ही बुलडोजर चलाया गया।
इसी बीच यातायात एडीसीपी संजय सिंह पंवार भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने तहसीलदार कुणाल राउत से अपना कब्जा खुद हटाने के लिए समय मांगा। इतना ही नहीं अन्य अतिक्रमणकारियों ने भी मांग उठा दी कि वह भी अपना कब्जा खुद हटा लेंगे। इससे कुछ देर बाद सभी को खुद कब्जा हटाने का समय देते हुए कार्रवाई को रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार टीटीनगर वृत्त के राजस्व अमले ने सेवनियागौंड, प्रेमपुरा, आमखेड़ा, धर्मपुरी, गौरागांव, बिसनखेड़ी, बिलखेड़ा व कोटरासुल्तानाबाद में बड़ा तालाब के एफटीएल और 50 मीटर दायरे में सीमांकन कर अवैध निर्माण लाल निशान लगाकर चिह्नित किए थे।
इनको हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जिसके तहत सोमवार को राजस्व, नगर निगम, वन विभाग व टीएंडसीपी का अमला गौरागांव व सेवनियांगौंड पहुंचा। यहां पर रसूखदारों के अवैध निर्माणों को छोड़कर लोगों के द्वारा निजी व शासकीय भूमि पर बनाई गई बाउंड्रीवाल, तारफेसिंग को तोड़ने की कार्रवाई की गई है।
इसी बीच यातायात के एडीसीपी संजय सिंह पंवार मौके पर पहुंच गए और तहसीलदार कुणाल राऊत से कहा कि उनका जो निर्माण है, उस पर कब कार्रवाई होगी? जब होगी तब बता देना, मैं सामने रहकर हटवा दूंगा। तहसीलदार ने उन्हें बताया कि अभी सिर्फ फेंसिंग, बाउंड्रीवाल हटाने की कार्रवाई हो रही है। ऐसे निर्माण जो 50 मीटर दायरे में वर्षा के दौरान पानी को रोकते हैं, उन्हें हटाया जा रहा है। बता दें कि सीमांकन के दौरान पुलिस अधिकारी के गार्डन व फार्म हाउस का हिस्सा भी 50 मीटर दायरे में चिह्नित किया गया है, जिसे हटाया जाना है।
गौरा गांव व सेवनियां गौंड में बड़ा तालाब के एफटीएल व 50 मीटर दायरे में अनेक पक्के व स्थायी निर्माण किए गए है। इतना ही नहीं अनदेखी के चलते लोग तेजी से कब्जा भी करते जा रहे है। जब राजस्व अमला सोमवार को गौरागांव पहुंचा तो यहां लोगों ने कब्जा करने के लिए अस्थायी टपरे बना लिए थे। इतना ही नहीं यहां पर तालाब में ही श्मशान घाट बना दिया गया है, जो कि पूरी तरह से अवैध है। इसके अलावा लोग कब्जा करने के लिए बड़ा तालाब के 50 मीटर दायरे में लोग मलबा डाल रहे थे, जिसे कार्रवाई करते हुए हटवाया गया है।
टीटीनगर तहसीलदार कुणाल राऊत ने बताया कि टीटी नगर क्षेत्र में बड़ा तालाब के एफटीएल व 50 मीटर दायरे में चिह्नित सभी अतिक्रमणों को हटाया जाएगा। इससे पहले सभी को नोटिस देते हुए सुनवाई का समय दिया जा रहा है, शासकीय से राजस्व व निजी से नगर निगम सुनवाई कर रहा है। इसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है, कुछ लोगों ने सोमवार को समय मांगा तो उन्हें सात दिन का समय दिया गया है।
सेवनियां गौंड में योगेंद्र सोनी, राजेंद्र जुनेजा,निगम,राबिन्स सिंह,वंदना ठाकुर की निजी भूमि स्थित है जो कि बड़ा तालाब के एफटीएल व 50 मीटर दायरे में आती है। यहां पर उक्त लोगों ने अवैध रूप से बाउंड्रीवाल बनाई थी, जिसे नगर निगम की सुनवाई के बाद तोड़ने की कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें- कंफर्म टिकट देकर कोच लगाना भूला रेलवे, उपभोक्ता आयोग ने लगाया ₹15 हजार का जुर्माना, 2024 का मामला
गौरा गांव में बड़े तालाब के 50 मीटर दायरे में मनोज राजपूत, अमर सिंह, लक्ष्मण सिंह, उमित जाटव ने शासकीय भूमि पर तार फेंसिंग तानकर अतिक्रमण कर रखा था। यहां पर कब्जा कर लोगों ने गाय-भैंस बांधते हुए डेरी बनाने की तैयारी कर ली थी, लेकिन प्रशासन ने हटा दिया है।