
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश के बीएड, एमएड, एलएलबी और एलएलएम पाठ्यक्रमों की न्यूनतम फीस तय कर दी गई है। प्रवेश एवं फीस विनियामक समिति (एएफआरसी) ने बीएड पाठ्यक्रम की न्यूनतम फीस 32 हजार रुपये और एलएलबी की फीस 25 हजार रुपये निर्धारित की है। साथ ही अन्य पाठ्यक्रमों की सशर्त फीस भी तय कर दी गई है, जिससे नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
समिति ने इस बार एक नई व्यवस्था लागू करते हुए कालेजों की फीस तीन सत्र के बजाय केवल एक सत्र के लिए तय की है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रवेश प्रक्रिया शुरू किए जाने के बाद यह फैसला लिया गया।
न्यूनतम फीस लागू करने का निर्णय
दरअसल, कई कालेजों ने फीस बढ़ाने के लिए आवेदन तो किए, लेकिन खर्चों का पूरा ब्यौरा उपलब्ध नहीं कराया। ऐसे में विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए एएफआरसी ने फिलहाल न्यूनतम फीस लागू करने का निर्णय लिया है।
कालेजों को तीन माह का समय
एएफआरसी ने कालेजों को आवश्यक दस्तावेज और वित्तीय जानकारी अपलोड करने के लिए तीन माह का समय दिया है। यदि कालेज इस अवधि में अपने पैन कार्ड, बैंक अकाउंट नंबर, पिछले तीन वर्षों की बैलेंस शीट, स्टाफ वेतन और अन्य खर्चों का पूरा विवरण प्रस्तुत करते हैं, तो उनकी मांग और खर्चों के आधार पर फीस पर दोबारा विचार किया जाएगा।
782 कालेजों ने किया आवेदन
समिति के विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी प्रो. अनिल शिवानी ने बताया कि प्रदेशभर के करीब 782 निजी कालेजों ने फीस निर्धारण के लिए आवेदन किया है। इनमें भोपाल जिले के 100 से अधिक कालेज शामिल हैं।
समिति द्वारा प्रस्तावों की जांच के साथ कालेजों का निरीक्षण भी किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत सभी संस्थानों को पारदर्शिता के लिए विस्तृत वित्तीय जानकारी देना अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभी सशर्त एक सत्र की फीस तय की गई है। अगर किसी कालेज को फीस अधिक करना है तो उन्हें अपने खर्चे का ब्यौरा देना होगा।
पाठ्यक्रम - कालेज - तय फीस
बीएड - 550 - 32 हजार रुपये
एमएड - 50 - 45 हजार रुपये
एलएलबी - 44 - 25 हजार रुपये
बीएएलएलबी आनर्स - 50 - 25 हजार रुपये
यह भी पढ़ें- लैपटॉप में बार-बार खराबी पर भोपाल जिला उपभोक्ता आयोग आयोग सख्त, कंपनी को 1.16 लाख लौटाने का आदेश